वाराणसी। जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में इमरजेंसी ड्यूटी में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मुस्तैद रहे। रविवार होने की वजह से सरकारी अस्पतालों की ओपीडी तो बंद थी लेकिन आईएमए के आह्वान पर निजी अस्पतालों की ओपीडी भी नहीं चली। सड़कों पर मरीजों को लेकर एंबुलेंस भी दौड़ती रही। रविवार सुबह से ही जनता कर्फ्यू को लेकर लोग अपने घरों में ही रहे इस दौरान अस्पतालों की ओपीडी तो ठप रही लेकिन इमरजेंसी सेवा चलती रही। बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के साथ ही मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, दीनदयाल अस्पताल, रामनगर और जिला महिला अस्पताल के साथ ही बिड़ला अस्पताल मच्छोदरी में इमरजेंसी कक्ष में डॉक्टर बैठे रहे। एंबुलेंस से जो लोग अस्पताल पहुंचे उनकी जांचकर जरूरत के हिसाब से भर्ती कराया गया। शहरी और ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी इमरजेंसी चलती रही। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि फिलहाल सरकारी अस्पतालों के सभी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी पर रहेंगे। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला दो अप्रैल तक स्थगित स्थगित कर दिया गया है।