फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: ज्ञानवापी के प्राचीन मामले में सुनवाई टली, ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा; खबरें

Sat, 14 Mar 2026 12:43 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: ज्ञानवापी से जुड़े पुराने मामले की सुनवाई शुक्रवार को टल गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई एक अप्रैल को निर्धारित की गई है। वहीं, फूलपुर पुलिस ने धमकी देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: सिविल जज (सीनियर डिवीजन/फास्ट ट्रैक) की अदालत में शुक्रवार को ज्ञानवापी से जुड़े पुराने मामले की सुनवाई टल गई। पीठासीन न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 1 अप्रैल को निर्धारित की गई है।

विज्ञापन


पिछली सुनवाई में प्रतिवादी सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए मामले की अग्रिम सुनवाई न किए जाने की मांग की गई थी। बोर्ड का कहना था कि वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट के तहत विवादित मामलों की अग्रिम सुनवाई पर रोक लगाई है, इसलिए इस मामले में भी सुनवाई नहीं की जानी चाहिए।

इसी बीच, जिला जज की अदालत ने सील वजूखाना के ताले पर कपड़ा बदलने से संबंधित प्रशासन की अर्जी पर सुनवाई से इन्कार कर दिया था। इस पर वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने दलील दी कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कोई विशेष रोक नहीं लगाई है। साथ ही, हाईकोर्ट पहले ही मुकदमे का निस्तारण छह महीने के भीतर करने का निर्देश दे चुका है, जिसके तहत त्वरित सुनवाई जारी है।

विज्ञापन

संबंध बनाने, परिवार को धमकी देने पर गिरफ्तार
फूलपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म, जेवरात, रुपये ऐंठने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी मंजीत यादव उर्फ रामू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर पहले संपर्क किया और फिर फोटो-वीडियो वायरल करने का भय दिखाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। उससे जेवरात और नकदी भी ले ली। 

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामपुर हाईवे बाइपास के पास से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मंजीत यादव उर्फ रामू यादव निवासी ग्राम कठिरांव, थाना फूलपुर है। पीड़िता ने 11 मार्च को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर पति व बच्चे को जान से मारने की धमकी देता था। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है। 

नकली नूरानी तेल बनाने का भंडाफोड़, वाराणसी-गोरखपुर में बेचा जा रहा था
डेराबस्सी और मोहाली के सेक्टर-82 में नकली आयुर्वेदिक नूरानी तेल के निर्माण और बिक्री का मामला सामने आया है। थाना डेराबस्सी पुलिस ने कार्रवाई कर एक फैक्टरी पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धाराओं-63 और 65 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरिद्वार (उत्तराखंड) स्थित राहत हर्बल रेमेडीज के प्रोडक्शन मैनेजर मोहम्मद फैसल हुसैन ने 11 मार्च 2026 को डेराबस्सी थाने में लिखित शिकायत दी थी। 

शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोग कंपनी के पंजीकृत ब्रांड नूरानी तेल और राहत के नाम पर नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में बेच रहे हैं। कंपनी का कहना है कि इन ट्रेडमार्क के तहत उत्पाद बनाने और बेचने का अधिकार केवल उनकी कंपनी को ही प्राप्त है। शिकायत में बताया गया कि मोहाली जिले के सेक्टर-82 स्थित जेएलपीएल इंडस्ट्रियल एरिया में लाफिया अयूर केयर नाम से नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। 

वहीं डेराबस्सी के हंसा इंडस्ट्रियल एरिया में लाफिया बायोटेक के नाम से भी इसी तरह की गतिविधियां चलने की जानकारी सामने आई। डेराबस्सी के थाना प्रभारी सुमित मोर के अनुसार शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस ने लाफिया अयूर केयर परिसर में छापा मारकर पीयूष श्रीवास्तव को मौके से गिरफ्तार किया है। छापे के दौरान पुलिस ने तेल के डिब्बे और ढक्कन भी बरामद किए हैं।

सट्टे के बाद जमीन बैनामा करने पर प्राथमिकी दर्ज
जमीन की बिक्री के नाम पर पैसे लेकर किसी और को बैनामा करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई थी। पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र में कोईराजपुर गांव निवासी काशीनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव के राजकुमार विश्वकर्मा की जमीन का सौदा साल 2019 में 2.75 लाख रुपये में किया। 

रजिस्टर्ड सट्टा पांच दिसंबर 2022 में हुआ। उस समय बैनामा करने के लिए कहा गया तो राजकुमार ने जमीन दूसरे को बैनामा कर दिया। जानकारी होने पर जब पैसा वापस मांगा तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

पति समेत नौ लोगों पर मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
महिला ने पति समेत नौ लोगों पर मारपीट, मर्यादा भंग, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। छोटा लालपुर-पांडेयपुर निवासी प्रीति सिंह ने आरोप लगाया कि 6 दिसंबर 2025 की शाम 3.30 बजे वह अपने पिता नरेंद्र कुमार सिंह, मां नीलम सिंह, भाई प्रियांशु सिंह व अन्य परिजनों के साथ देवर के विवाह में शामिल होने ससुराल पहुंची थीं। 

जैसे ही गाड़ी गेट पर रुकी तभी पति अमित सिंह, देवर अंकित सिंह, ननद प्रीति सिंह समेत अन्य परिजनों ने ईंट-पत्थर व लात-घूंसों से हमला कर दिया। आरोप है कि पिता का मोबाइल छीन लिया गया। भाई और घरेलू सहायक मन्नू को पीटा गया। आठ साल के बेटे आदविक सिंह के साथ भी मारपीट की गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी प्रशांत कुमार को सारनाथ पुलिस ने बृहस्पतिवार रात सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर का निवासी है। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि प्रशांत कुमार ने शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशनशिप में रखा। संबंध बनाने व गर्भवती होने पर शादी से मुकर गया। किसी दूसरे से शादी तय कर ली। विरोध करने पर गालीगलौज, मारपीट, दोस्त से जान से मरवाने की धमकी दी। 

दहेज हत्या का आरोपी असिस्टेंट बैंक मैनेजर गिरफ्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली काजल (26) के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पति नितेश कुमार सिंह को फुलवरिया से गिरफ्तार किया। नितेश बैंक ऑफ इंडिया मलदहिया में असिस्टेंट मैनेजर है। काजल ने 27 फरवरी को फंदा लगाकर जान दे दी थी। 18 दिन पहले ही उसने 9 फरवरी को पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें महिला ने लिखा था कि उसके माता-पिता ने उसे बहुत प्यार से पाला, लेकिन ससुराल में वह प्यार नहीं मिला। पिता नीरज राय की तहरीर पर 27 फरवरी को पति नितेश कुमार सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

पुलिस के अनुसार आरोपी पति नितेश कुमार सिंह पूरे परिवार के साथ घटना के बाद से फरार चल रहा था। शिवपुर थाने की टीम ने शुक्रवार को फुलवरिया क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। 

पशु से टकराकर बाइक सवार दो किशोर घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार रात 11 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार दो किशोर घायल हो गए। पुलिस के अनुसार भोजूबीर निवासी करन और राज सोनकर बाइक से बरात से घर लौट रहे थे।  प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के सामने अचानक सड़क पर निराश्रित गोवंश आने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे दोनों घायल हो गए। लोगों ने इलाज के लिए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

डॉ. अनंत नारायण सिंह की कार हादसे का शिकार
मिर्जामुराद क्षेत्र के भिखीपुर नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में काशी राज परिवार के कुंवर डॉ. अनंत नारायण सिंह की कार ट्रक के टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। कुंवर रामनगर किले के आवास से परिवार और सुरक्षाकर्मियों के साथ निजी कार्य से प्रयागराज जा रहे थे। मिर्जामुराद के पास एनएच-19 पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी तेज थी कि कार लगभग 10 मीटर तक ट्रक के अगले हिस्से में घिसटते हुए बीच डिवाइडर पर चढ़ गई। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी रही। पुलिस ने कार को किनारे लगवाया और यातायात व्यवस्थित कराया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग और राहगीर भी मौके पर जुटे गए। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद पांडेय ने बताया कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। जांच की जा रही है। 

अतिक्रमण के आरोप में दो दुकानदार गिरफ्तार, तीन लाख का माल जब्त
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ में सड़क पर फालूदा और गुमटी के आगे अतिक्रमण कर दुकानदारी करने के दो आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। तीन लाख का माल और वाहन भी जब्त किया गया। 

डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जौनपुर के मड़ियाहू हसिया निवासी राजकुमार अपनी गुमटी के सामने कोल्ड ड्रिंक, गुटखा, पान मसाला, मोबाइल कवर बेच रहा था। 

राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी दुकानदार बबलू हरहुआ चौराहे पर चारपहिया पर फालूदा बेच रहा था। दोनों दुकानदारों को कई महीने से बार-बार चेतावनी दी जा रही थी कि सड़क पर दुकान लगाकर यातायात बाधित न करे। बावजूद चेतावनी को लगातार नजरअंदाज कर सड़क सुरक्षा के लिए खतरा पैदा किया जा रहा था। 

सिटी कार्ट, एजेंसी मालिक समेत 8 पर प्राथमिकी
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को किला मार्ग पर अतिक्रमण के आरोप में आठ दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। छह ठेले वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। बताया कि चौक चौराहे पर ठेले पर मिठाई दुकानदार पंकज यादव, खिलौना दुकानदार सुहेब, वसीम निवासी गोलाघाट, कबीरनगर निवासी ठेला व्यवसायी सरोज, किराना दुकानदार मोहम्मद शाहिद, इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार सैय्यद ईशान, सिटी कार्ट मालिक गुट्टन, होंडा बाइक एजेंसी मालिक वकार यूनिस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

बच्चे को बचाने में नदी में गिरी कार, बचा चालक
चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज में रौना नाद नदी पुल पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। पहाड़िया की ओर से आ रही कार अचानक सामने आए बच्चे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। कार जौनपुर के पत्रही निवासी अभिनंदन जायसवाल चला रहे थे।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पानी से बाहर निकाला। घटना में अभिनंदन जायसवाल बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद पहाड़िया मार्ग पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी ली गई। साथ ही चालक से भी बात की जा रही है।

मखाने की खेती का 50 किसानों को दिया प्रशिक्षण
एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मखाना विकास कार्यक्रम पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले के 50 किसानों ने भाग लिया। उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तकनीकी सत्र में डॉ. एसएन चौरसिया, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह और डॉ. मनीष पांडेय ने मखाना उत्पादन, रोग नियंत्रण और प्रोसेसिंग तकनीक की जानकारी दी। 

चंदौली के प्रगतिशील किसान अजय पाण्डेय ने बुवाई और हार्वेस्टिंग की विधि बताई। मखाना विकास बोर्ड दरभंगा के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. इंदु शेखर सिंह ने ऑनलाइन जुड़कर किसानों को मखाना की खेती से अधिक लाभ के बारे में जानकारी दी। संचालन वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक ज्योति कुमार सिंह वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक ने किया। सुभाष कुमार ने कृषकों और समूह की दीदीयों, वैज्ञानिकों आदि को धन्यवाद देते हुए समापन किया। संवाद

आज और कल मालवीय पुल पर पांच घंटे मालवाहकों पर रहेगी रोक
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने मालवीय पुल पर दो दिनों तक मालवाहकों के आवागमन पर पांच घंटे के लिए रोक लगा दी है। परीक्षार्थियों की सुगम आवाजाही और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। परीक्षा 14 व 15 मार्च को आयोजित है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि दोनों दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक शहर से राजघाट पुल व पड़ाव चौराहा से सूजाबाद और राजघाट की ओर जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं, अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर व मैदागिन चौराहे की ओर टेम्पो, ट्रैवलर व चार पहिया बसों को नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें लकड़ी मंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। 

बीएचयू मूट कोर्ट में आएंगे हाइकोर्ट के जज जेजे मुनीर
बीएचयू में 13वीं महामना मालवीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता के प्री इवेंट में शुक्रवार को विधि संकाय के फैकल्टी लाउंज में पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की गई। प्रतिभागियों की ग्रुप फोटोग्राफी हुई। शनिवार को मूट कोर्ट का आधिकारिक शुभारंभ इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जेजे मुनीर और 15 मार्च को समापन न्यायाधीश न्यायमूर्ति कुणाल रवि सिंह करेंगे। 24 टीमों के करीब 70 प्रतिभागी जिरह और तर्क रखेंगे। सुप्रीम कोर्ट के 24 अधिवक्ताओं को जज बनाया गया है। 

बनारस में 15-16 को बिजली गिरने और बारिश के आसार
बनारस का मौसम अब दो से तीन दिनों के लिए बदलने वाला है। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा है। बनारस में दोपहर के वक्त तीखी धूप के चलते गर्मी बढ़ गई। शाम को उमस भी रही। हवा में नमी 35 से लेकर 65 फीसदी तक रही।

बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को जिले में दिन और रात का तापमान एक डिग्री तक नीचे गिर गया। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी 15 और 16 मार्च को जिले में बारिश होने के आसार हैं। बिजली गिरने और बादल गरजने संग बारिश हो सकती है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 15 मार्च के बाद से बनारस का पारा 3-5 डिग्री तक गिर सकता है। 17 मार्च तक तापमान गिरने के आसार हैं। वहीं धुंध से भी निजात मिल सकती है। आसमान में 12 किमी की ऊंचाई पर पश्चिमी दिशा से जेट स्ट्रीम चल रहा है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ 14 मार्च को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

शंकराचार्य मामले में सुनवाई 17 अप्रैल को
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े मामलों की सुनवाई शुक्रवार को जिला न्यायालय में नहीं हो सकी। अलविदा नमाज के कारण अधिवक्ताओं के कार्य से विरत रहने से अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 17 अप्रैल की तिथि निर्धारित कर दी है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े दो मामलों में 13 मार्च को सुनवाई होनी थी।

रिक्शा वाले अब नहीं देंगे लाइसेंस शुल्क
ठेला, रिक्शा से वसूलने वाले लाइसेंस शुल्क को नगर निगम ने समाप्त कर दिया है। अब इन्हें लाइसेंस के लिए नगर निगम का चक्कर नहीं लगाना होगा और न ही किसी प्रकार का कोई शुल्क देना होगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने लाइसेंस की उपविधि को सरलीकृत किया है ताकि रिक्शा, ठेला और साइकिल पर किसी प्रकार का बोझ न पड़े। लाइसेंस की उपविधियों को सरल बनाने और लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। 

दो लाख किसानों को मिली सम्मान निधि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम पीएम किसान उत्सव दिवस में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी की। काशी के भी दो लाख किसानों के खाते में यह धनराशि पहुंची। कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने की। कार्यक्रम के दौरान फार्मर रजिस्ट्री कैंप लगाकर पांच किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई गई। 

पुलिस भर्ती : आज कल चलेगी स्पेशल ट्रेन
राजधानी सहित प्रदेश भर में शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन संख्या 04220 लखनऊ-वाराणसी परीक्षा विशेष 14 व 15 को लखनऊ से शाम 6:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बाराबंकी, अयोध्या, शाहगंज और जौनपुर स्टेशनों पर रुकेगी। 

तीन ट्रेनें निरस्त, कई बदले समय से चलेंगी
लखनऊ जंक्शन और ऐशबाग स्टेशन के बीच गार्डर रखने का काम होगा। इससे कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। कई गाड़ियां कम दूरी तक जाएंगी। 26 मार्च को वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन झांसी और लखनऊ जंक्शन के बीच आने व जाने वाली गाड़ी संख्या 11109 एवं 11110, 26 मार्च को मेरठ सिटी और लखनऊ जंक्शन के बीच आने व जाने वाली गाड़ी संख्या 22453 एवं 22454, 26 मार्च को आगरा फोर्ट और लखनऊ जंक्शन के बीच आने व जाने वाली गाड़ी संख्या 12179 एवं 12180 निरस्त रहेगी। 

जलकर पर सरचार्ज पर माफी 31 तक, इसके बाद होगी कुर्की
नगर निगम की ओर से जलकर पर सरचार्ज माफी की अवधि आगामी 31 मार्च को समाप्त हो रही है। नगर निगम इसके बाद सरचार्ज सहित वसूली के लिए कुर्की तक की विधिक कार्रवाई करेगा। सरचार्ज में छूट का असर शहर में व्यापक स्तर पर देखने को मिला है। पिछले 53 दिनों (19 जनवरी से 12 मार्च) के भीतर 21,823 भवन स्वामियों ने सक्रियता दिखाते हुए करीब 29 करोड़ रुपये का गृहकर व जलकर जमा किया है। 

खास बात यह है कि इस अवधि में जनता ने करीब 44 करोड़ रुपये के सरचार्ज माफी का लाभ उठाया, जो कि जमा की गई मूल राशि से भी अधिक है। वित्तीय वर्ष के अंतिम माह के मद्देनजर नगर निगम 14 मार्च (माह के द्वितीय शनिवार) और 15 मार्च (रविवार) को अवकाश होने के बावजूद टैक्स विभाग खुले रहेंगे। ऐसे में इन छुट्टियों में भी निगम मुख्यालय और समस्त जोनल कार्यालयों में गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा किया जा सकता है। इसके अलावा डिजिटल पेमेंट की भी सुविधा है। भवन स्वामी घर बैठे क्यूआर कोड या निगम की वेबसाइट से भी भुगतान कर सकते हैं। 

बाबतपुर एयरपोर्ट वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला
बाबतपुर एयरपोर्ट से 2025 में 40 लाख लोगों ने की यात्रा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर साल 2025 में पिछले वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 यानी एक कैलेंडर वर्ष में करीब 40 लाख यात्रियों ने यात्रा की है, जो एक कैलेंडर वर्ष में रिकॉर्ड है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यह पिछले वर्षों की तुलना में 40 फीसदी अधिक है।

मासिक आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2025 में 3,57,187 यात्रियों के साथ वर्ष का सबसे अधिक यात्री आवागमन दर्ज किया गया। दिसंबर में यदि इंडिगो विमानन कंपनी का संकट नहीं होता तो यह संख्या और बढ़ सकती थी। 
वाराणसी में दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे पर्यटन के कारण एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। साल 2025 में यात्रियों की रिकॉर्ड संख्या बढ़ी है। एयरपोर्ट का विस्तारीकरण हो रहा है। - पुनीत गुप्ता, एयरपोर्ट निदेशक

वाराणसी में निर्माणाधीन रोपवे का गंडोला। - फोटो : अमर उजाला
कमिश्नर ने रोपवे का किया निरीक्षण, कहा, ओईएम इंस्टॉलेशन में तेजी लाएं
निर्माणाधीन कैंट–गोदौलिया शहरी रोपवे परियोजना का मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न स्टेशनों का जायजा लेकर कार्य की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की।

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सभी स्टेशनों पर चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गिरजाघर और गोदौलिया स्टेशन का भी निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही रोपवे के ओईएम इंस्टॉलेशन के कार्य में भी तेजी लाने को कहा। 

25 मार्च को करौंदी में लगेगा रोजगार मेला
कौशल विकास मिशन की ओर से प्रदेश के तीन जिलों में मंडल स्तरीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 100 से अधिक कंपनियों में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिलेंगे। मिशन के अनुसार 18 मार्च को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 24 मार्च को झांसी के बुंदेलखंड महाविद्यालय में मेला लगेगा। इसमें झांसी, चित्रकूट और आगरा मंडल के युवाओं को मौका मिलेगा। जबकि 25 मार्च को वाराणसी स्थित राजकीय आईटीआई करौंदी परिसर में रोजगार मेला लगेगा। 

श्रीकांत का इंस्पायर अवाॅर्ड के लिए चयन
राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले कक्षा 8 के छात्र श्रीकांत कुशवाहा का इंस्पायर अवॉर्ड के लिए चयन हुआ है। श्रीकांत का चयन अवऍर्ड के दूसरे चरण में हिस्सा लेने के लिए हुआ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से श्रीकांत के बैंक खाते में 10 हजार रुपए भेजे गए हैं। शिवपुर निवासी श्रीकांत के पिता अरविंद कुशवाहा विज्ञान के अध्यापक हैं। स्कूल प्रबंधक विनोद बागी, प्रधानाचार्य सुमन सिंह और उप प्रधानाचार्य नीतू सिंह ने बधाई दी। 

कुलपति की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यकाल पूरा होने में अब 7 महीने का समय बचा है। इसे देखते हुए राजभवन ने कुलपति पद के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजभवन में पात्रता आधारित आवेदन मांगे हैं। राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम बोबडे ने पत्र जारी कर विवि के कुलपति की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया कि नियुक्ति पदभार ग्रहण करने के तीन वर्ष या 68 वर्ष पूर्ण जो पहले होगा, इसके तहत किया जाएगा। 

बीएचयू के दक्षिणी परिसर में 7 दिन का शिविर शुरू
बीएचयू के दक्षिण परिसर में ग्रामीण समस्याओं के समाधान के लिए सात दिन के शिविर की शुरुआत की गई। स्वयंसेवकों की ओर से ग्रामीण युवाओं के साथ ग्रामीण उद्यमिता विकास की आवश्यकता पर चर्चा की गई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. त्रिभुवन नाथ ने उद्यमिता विकास के योगदान को बताया। अधिकारी डॉ. विनीता सिंह ने विचार रखे। 

परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को जिले के 46 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दो दिवसीय परीक्षा में कुल 77,760 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में 19,440 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र के द्वार बंद कर दिए जाएंगे। एडीएम प्रशासन आलोक वर्मा ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 46 केंद्रों पर 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 

बीएचयू-नेपाल का रिश्ता गहरा
बीएचयू में शुक्रवार को नेपाल के बदलते लोकतांत्रिक व्यवस्था पर तीन दिन का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। केएन उडुप्पा सभागार में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि बीएचयू का नेपाल अध्ययन केंद्र अपने नए रूप में हमारे सामने आ रहा है। बीएचयू और नेपाल का बहुत गहरा रिश्ता रहा है। मुख्य वक्ता प्रो. एसडी मुनी ने कहा कि बनारस और बीएचयू ने नेपाल में लोकतंत्र की लड़ाई में बड़ा योगदान दिया है। डीन प्रो.अशोक कुमार उपाध्याय, प्रो. अमरनाथ मोहंती ने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अभिषेक नाथ ने किया। नेपाल के कृष्णा हाछेथु, डॉ. शंभू राम सिंह, प्रो. मीणा रहे। 

आईआईटी और आईएमएस ने जारी किया मेड-टेक वेबपेज
आईआईटी बीएचयू और आईएमएस-बीएचयू के बीच मरीजों के इलाज और देखभाल में सहयोग बढ़ेगा। इसके लिए आईआईटी के देव एवं वर्धना लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को मेड-टेक संवाद वेबपेज का लोकार्पण किया गया। यहां पर संवाद और सहयोग के माध्यम से चिकित्सा प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य नवाचार करने की बात कही गई।

बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि दोनों संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय विकसित कर स्वदेशी चिकित्सा तकनीक को बढ़ावा देने की जरूरत है। इससे मरीजों और समाज को सहूलियत होगी। हालिया पद्मश्री हुए आईएमएस के प्रो. श्याम सुंदर को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। 

काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
विद्यापीठ के यूजी और व्यावसायिक कोर्स में 11 अप्रैल और डिप्लोमा-पीजी में एक मई से आवेदन
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 के लिए स्नातक और व्यावसायिक कोर्स में आवेदन 11 अप्रैल से ऑनलाइन होंगे। वहीं, पीजी और डिप्लोमा कोर्स के आवेदन फॉर्म एक मई से ऑनलाइन शुरू किए जाएंगे। पहली बार विदेशी विद्यार्थियों के लिए हिंदी के नए कोर्स शुरू होंगे।

परिसर स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन समिति कक्ष में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में चली बैठक में ये फैसले लिए गए। शुक्रवार को विदेशी विद्यार्थियों के लिए हिंदी के नए कोर्स को शुरू करने का फैसला लिया गया है। कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि बैठक में प्रवेश से पहले काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर एनईपी- 2020 के आधार पर अपनाए गए कोर्स को अपलोड करने का निर्णय लिया गया। 

साथ ही प्रवेश से पहले वेबसाइट पर कक्षाओं की समय सारणी दिखने लगेगी। बैठक में सत्र 2026-27 से कोर्स की एकमुश्त वार्षिक फीस जमा कराए जाने के फैसले पर मुहर लगाई गई। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, डीन अकादमी प्रो. बंशीधर चीफ प्रॉक्टर प्रो. केके सिंह आदि मौजूद रहे। 

डीएम सत्येंद्र कुमार। - फोटो : अमर उजाला
अधिकारी निर्धारित लक्ष्य पूरा करें, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों, राजस्व न्यायालयों व कर-करेत्तर/चकबंदी के कार्यों की समीक्षा बैठक की। डीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें या कार्रवाई के लिए तैयार रहें। खनन अधिकारी को चालान, नोटिस जारी करने और राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।

डीएम ने राजस्व, परिवहन, आबकारी, व्यापार, स्टांप और पंजीयन शुल्क, राजस्व, खनन व बाट माप विभागों को अभियान चलाकर लक्षित राजस्व वसूली करने को कहा। व्यापार कर (जीएसटी) के संयुक्त आयुक्त को अधिकारियों के साथ कार्यों में प्रगति सुनिश्चित कराने को कहा। लंबित राजस्व वादों को शीघ्र निस्तारण किया जाए। 

कुछ तहसीलों में लक्ष्य के अनुरूप वादों का निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई। एडीएम एफआर से तहसीलों के राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों के पास धारा-98 के समय सीमा के बाहर लंबित मामलों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एसडीएम को सख्त निर्देश दिए कि सभी भू माफियाओं को चिन्हित कर कार्रवाई करें। 

घरौनी व आवास के लिए सौंपा आवेदन
तहसील में नट समुदाय संघर्ष समिति की ओर से शुक्रवार को बेलवा के मुस्लिम बस्ती और जगदीशपुर के मुसहर बस्ती के लोग अपनी मूलभूत सुविधाओं की मांग के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासन के समक्ष घरौनी (आवासीय भूमि का अधिकार), भूमि आवंटन और आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस दौरान राबिया, शबनम, अनवल, हीना, शहजादी, कमाल, शहनाज, चम्पा, रहीं। 

पांच करोड़ से बने सेनिटेशन पार्क का उद्घाटन
छावनी क्षेत्र में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 5 करोड़ रुपये की लागत से बने सेनिटेशन पार्क का शुक्रवार को उद्घाटन किया गया। छावनी परिषद वाराणसी द्वारा भारतीय स्टेट बैंक फाउंडेशन (सीएसआर) और फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से तैयार इस पार्क का उद्घाटन मेजर जनरल अमित सिंह सोहल, विशिष्ट सेवा मेडल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया) ने किया। 

एसआईआर लोकतांत्रिक प्रणाली की वैधता जरूरी 
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को संवैधानिक और संसदीय अध्ययन संस्थान उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय शाखा विधान परिषद लखनऊ की ओर से एसआईआर की वैधानिक उपादेयता विषय पर विचार गोष्ठी हुई। नदेसर के होटल में गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ किया गया। सभापति ने कहा कि एसआईआर विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रणाली की वैधता महत्वपूर्ण है। 

मतदाता सूचियों की सुचिता बनाए रखने और संवैधानिक संतुलन बनाए रखने का प्रयास करता है। सभापति ने कहा कि सच्ची चुनावी निष्पक्षता पारदर्शी समावेशित और जन विश्वास में निहित है। जो भारत के संवैधानिक लोकतंत्र का सार है। प्रमुख सचिव, विधान परिषद डॉ. राजेश सिंह ने एसआईआर की आवश्यकता और मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे मुद्दों का उल्लेख किया। इसके बाद गणमान्य सदस्यों और अतिथियों ने भी अपने बहुमूल्य विचार और सुझाव रखे। 

डिजिटल और हाइटेक तरीके से हो रही जलापूर्ति
गंगा के पानी को शोधित करके लोगों के घरों तक पहुंचाया जाता है। जलकल गंगा के पानी की अशुद्धियां दूर करके उसे असली पोषक तत्वों के साथ घर-घर भेजता है। अब पूरी तरह से डिजिटल और हाइटेक तरीके से ही जलापूर्ति की जा रही है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि पूरे शहर को एक साथ, एक निर्धारित वक्त पर पानी की आपूर्ति की जाती है।

जलकल के अधिकारियों के अनुसार, ऑटोमेटिक तरीके से यह बंद भी हो जाता है। यह सिस्टम अत्याधुनिक तकनीक से संचालित हो रहा है। पानी की पूरी मॉनिटरिंग सुपरवाइजर कंट्रोल एंड डेटा एक्विजिशन (स्काडा सिस्टम) के तहत की जा रही है। कंप्यूटर की एक कमांड पर वाल ऑटोमेटिक अपडेट होता है। सेंसर के जरिये पानी की टंकियों को रियल टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से भरना आसान हो गया है। 

पानी के टैंक भरते ही मेन स्विच ऑटोमेटिक ऑफ हो जाता है और ट्यूबवेल की तरह अब ओवरहेड टैंकों से भी पेयजल की आपूर्ति एक ही समय पर सेट की गई है।सेंसर लगे होने से पाइपलाइन टूटने, लो प्रेशर और लीकेज होने पर जानकारी मिलती रहती है। पानी में क्लोरीन और पीएच का लेवल भी ऑटोमेटिक जांच करता रहता है। पानी ट्यूबवेल से कितने प्रेशर से सप्लाई हो रहा है और आखिरी टेल तक कितना प्रेशर है, यह समय-समय पर यहां लगी बड़ी स्क्रीन पर अपडेट होता रहता है। 

शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन 
जिले के शिक्षकों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कई समस्याओं पर चर्चा हुई। संघ के अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने बताया कि वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सम्मानजनक वेतन देने के लिए प्रमुख सचिव तथा शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को संबोधित पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा गया है। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र एवं कार्यभार ग्रहण पत्र विद्यालयों के प्रबंधकों की ओर से उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसके कारण उनके वेतन, कटौती और सेवा संबंधी विवरण दर्ज नहीं हो पाते हैं। प्रतिनिधिमंडल में संघ के महामंत्री रेवती रमण शर्मा, अरविंद कुमार सिंह, विवेक सिंह, दिनेश कुमार और राकेश कुमार पटेल आदि मौजूद रहे। 

सिलिंडर की किल्लत पर सपा ने जताया विरोध
घरेलू गैस सिलिंडर में मूल्य वृद्धि और किल्लत पर सपा ने विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने लकड़ी का चूल्हा खरीदकर उसका इस्तेमाल करते हुए विरोध किया। सपा नेता विष्णु शर्मा ने कहा कि गैस सिलिंडर की कमी के कारण घर में खाना पकाने के लिए अब लोग पुराने प्रचलन के बुरादे वाले चूल्हे का इस्तेमाल करना शुरू कर चुके हैं। 

गृहिणियां परेशान हैं। गैस एजेंसी संचालक न तो मोबाइल रिसीव कर रहे हैं और न ही सिलिंडर की बुकिंग कर रहे हैं। ऐसे में दो जून का खाना बनाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की कमल के फूल वाली सरकार में कभी नोटबंदी के दौरान लोग लाइन में खड़े रहे, कभी कोरोना काल में ऑक्सीजन के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ा और अब एलपीजी सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को लाइन में लगा दिया गया है। 

तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ रहे ट्रॉमा के केस
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर स्थित स्किल सेंटर में शुक्रवार को एओ सीएमएफ कोर्स- मैनेजमेंट ऑफ फेशियल ट्रॉमा पर आधारित दो दिन की कार्यशाला शुरू हुई। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने आधुनिक समय में तेज स्पीड से चलने वाले वाहनों की बढ़ती संख्या की वजह से ट्रॉमा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

एओ सीएमएफ कोर्स में सर्जन, रेजिडेंट्स और  फेलोज डॉक्टरों को फेसियल ट्रॉमा के इलाज से जुड़ीं जानकारियां और व्यवहारिक ज्ञान दिए जाएंगे। कोर्स में मैंडिबुलर और मिडफेस फ्रैक्चर, इलाज योजना, सर्जरी तकनीक पर ट्रेनिंग दी गई। स्वागत भाषण प्रो. नरेश कुमार शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने किया। आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार, दंत विज्ञान संकाय के डीन प्रो. एचसी बरनवाल और इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह भी पहुंचे। 

पूर्व सैनिक समाज के प्रेरणादायी प्रतिनिधि 
छावनी  के रणबांकुरा स्टेडियम में शुक्रवार को मुख्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश उपक्षेत्र की ओर से पूर्व सैनिक रैली निकाली गई। रैली में पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 750 पूर्व सैनिक, वीरता पदक विजेता सैनिक, वीर नारियां, वीर माताएं और आश्रित शामिल हुए। उनकी समस्याओं को सुना गया और निस्तारण के लिए अग्रसारित किया गया। 

चिकित्सा परामर्श, रोजगार व कौशल विकास से जुड़े सहायता केंद्र लगाए गए, जहां 250 पूर्व सैनिकों और आश्रितों की समस्याओं का समाधान किया गया। उद्घाटन मुख्य अतिथि मेजर जनरल अमित सिंह सोहल (वीएसएम) ने किया। रैली में 39 जीटीसी के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर जयदीप चंदा, डिप्टी कमांडेंट कर्नल प्रदीप बेहरा, एडम कमांडेंट कर्नल संदीप डबास और भर्ती निदेशक कर्नल शैलेश कुमार भी मौजूद रहे। 

भाजपा जिलाध्यक्ष ने 50 कार्यों का शिलान्यास 
भाजपा काशी क्षेत्र कार्यालय रोहनिया पर शुक्रवार को एमएलसी व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने हवन-पूजन के साथ विधायक निधि योजना के तहत 4.07 करोड़ रुपये की लागत के कुल 50 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य एवं जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने भी सरकार के विकास कार्यों की सराहना की। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम और स्वागत सुधीर वर्मा राजू ने की। इस मौके पर सुरेश पटेल गुड्डू, गोपाल पटेल, सिद्धार्थ मौर्य, केशव यादव रहे। 

कक्ष निरीक्षकों को नहीं मिला भुगतान
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को सह जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात कर पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों को भुगतान न मिलने का मुद्दा उठाया। संघ के जिलामंत्री अरविंद कुमार ने सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश कुमार सिसौदिया को बताया कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में ड्यूटी करने वाले कक्ष निरीक्षकों को अभी तक भुगतान नहीं मिला है।  इस दाैरान विवेक सिंह, प्रफुल्ल कुमार, डॉ. आशीष सिंह, अभय सिंह, मनोज कुमार मौजूद रहे। 

मड़ौली से केराकतपुर तक 3.4 किमी बिछेगी ड्रेनेज पाइप लाइन
मड़ौली से केराकतपुर तक तकरीबन 3.4 किमी दायरे में ड्रेनेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए जल निगम की सीएंडडीएस की ओर से योजना बनाई गई है। वर्तमान में इस बड़े नाले का डीपीआर तैयार किया जा रहा है, जो मड़ौली और चांदपुर होते हुए सीधे केराकतपुर तक जाएगा। इस ड्रेनेज सिस्टम के बनने से शहर के एक बड़े हिस्से की निकासी समस्या दूर हो जाएगी। यहां स्टॉर्म वाटर लाइन भी डाली जाएगी। इसके साथ-साथ सभी चैंबरों की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। 

इसके अलावा नाले में पड़े मलबे को हटवाया जाएगा। चांदपुर से लहरतारा तक की स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई कराई जा रही है, ताकि आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था सुचारू हो सके। यहां सड़क के दूसरी ओर ट्रेंचलेस विधि (बिना सड़क खोदे) से पाइप डाली जाएगी। इसके साथ ही सर्विस रोड पर सर्विस लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में होने वाले जलजमाव का स्थायी समाधान निकालना है। 

369 का हुआ परीक्षण
मंडलीय चिकित्सालय श्री शिव प्रसाद गुप्त के संपूर्ण सुरक्षा केंद्र की ओर से शुक्रवार को सुजाबाद स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगा। छह घंटे तक चले स्वास्थ्य शिविर में 369 लोगों ने उपचार कराया। इसमें जोड़ों के दर्द से लेकर, पेट में दर्द, सर्दी, जुकाम, बुखार आदि के मरीज रहे। डॉ. संजीव कुमार सिंह ने चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर का उद्घाटन विधायक डॉ. सुनील कुमार पटेल ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. पीयूष राय और डॉ. मुकुंद जी श्रीवास्तव रहे। डॉ. नंद किशोर, नेशनल काउंसलर डॉ. रवींद्र सहाय, काउंसलर मनीषा राय रहीं। 

ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत दिया प्रशिक्षण 
बीडीओ त्रिवेणी उपाध्याय ने शुक्रवार को काशी विद्यापीठ विकास खंड मुख्यालय सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना तैयार करने के लिए ग्राम सभा की बैठक में ही कार्यों का अनुमोदन ग्राम सभा से लिया जाए। एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव ने कहा कि ग्राम प्रधान व सचिव ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने पर जोर दें। प्रशिक्षक शैलजा उपाध्याय व लता शर्मा माैजूद रहीं। 

स्वच्छता की सारथी बनीं काशी की बेटियां, 82 महिलाएं सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत शुक्रवार को नगर निगम सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ‘नारी लीड्स स्वच्छता’ (8 से 14 मार्च) अभियान के अंतर्गत होम कंपोस्टिंग और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 82 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में महिला सफाई निरीक्षक, महिला सफाई कर्मचारी और गृहिणियां शामिल रहीं।

इन महिलाओं ने अपने घरों और कार्यक्षेत्र में गीले कचरे से खाद बनाने (होम कंपोस्टिंग) की तकनीक अपनाकर दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित किया। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान में महिलाओं की भागीदारी अहम है। जब एक महिला जागरूक होती है तो पूरा परिवार और समाज जागरूक होता है। उन्होंने कहा कि शहर को डंपिंग यार्ड के बोझ से बचाने के लिए जीरो वेस्ट मॉडल जरूरी है। संचालन सरिता तिवारी ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह ने दिया।

घर पर ऐसे तैयार करें खाद : इस अवसर पर होम कंपोस्टिंग के सरल तरीके बताए गए। खाद बनाने के लिए पुराने गमले या बाल्टी में हवा के लिए छोटे छेद करें। नीचे सूखी पत्तियां या टहनियां (ब्राउंस) रखें और ऊपर रसोई का गीला कचरा (ग्रीन्स) डालें। कचरे को हल्का नम रखते हुए सप्ताह में एक बार पलटें। लगभग 2-3 महीने में जैविक खाद तैयार हो जाएगी।

शृंगेरी मठ में 15-16 मार्च को होगा मातृ समागम, मालिनी अवस्थी आएंगी
विश्व मांगल्य सभा, काशी प्रांत का प्रथम अधिवेशन 15 और 16 मार्च को महमूरगंज स्थित शृंगेरी मठ में होगा। इस अधिवेशन में काशी प्रांत के विभिन्न जनपदों से की कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। इस प्रथम अधिवेशन में लोकगायिका मालिनी अवस्थी की भी मौजूदगी रहेगी। ये जानकारी विश्वमांगल्य सभा काशी प्रांत की अध्यक्ष आनंद प्रभा ने शुक्रवार को महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय इस अधिवेशन के प्रथम दिन 15 मार्च को उद्घाटन सत्र, वैचारिक संगोष्ठी और संगठनात्मक बैठक होगी। मातृशक्ति की भूमिका, सांस्कृतिक जागरण और संगठन की भावी कार्ययोजनाओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। 

गंगातट पर आज से होगा 1 लाख बिल्वार्चना
विश्व शांति, धर्म रक्षण व महत्वपूर्ण संकल्प के लिए श्री श्रृंगेरी शारदा पीठम् के सानिध्य में कल्वाकोलानु चितरंजन दास मेमोरियल सेवा संगठन, हैदराबाद (तेलंगाना) की ओर से तीन दिवसीय शिवाय विष्णु रूपाय अनुष्ठान अस्सीघाट तट पर शनिवार से शुरू होगा। गुरुदेव, धर्माचार्य, ब्रह्मश्री कल्वाकोलानु रामचन्द्र मूर्ति एवं गुरुपत्नी जयलक्ष्मी रामचन्द्रमूर्ति की अगुवाई में अनुष्ठान होगा। गणपति हवन, अहोरात्र विष्णु सहस्रनाम परायण (24 घंटे), एक लाख बिल्वार्चना, एक लाख रुद्राक्ष अर्चना, और हनुमान चालीसा परायण होगा। 

वरुणा की सफाई के लिए आगे आए मंत्री भी
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सामाजिक सृजन विकास न्यास, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, नमामि गंगे गंगा विचार मंच आदि संस्थाओं की ओर से शुक्रवार को शास्त्री घाट पर वरुणा नदी के निर्मलता के लिए एक अभिनव प्रयास शुरू किया। मुख्य अतिथि, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, और विशिष्ट अतिथि, सीआरपीएफ कमांडेंट एस. बालापुरकर ने वरुणा की सफाई के लिए आम लोगों को आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान लोगों ने वरुणा की सफाई में भाग लिया। संयोजन अनिल सिंह और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निदेशक तथा संचालन गंगा सेवक शिवम अग्रहरि ने किया। 

जैन मुनि का एमएलसी ने किया अभिनंदन
चातुर्मास धार्मिक विहार यात्रा पर निकले जैन मुनि मणिभद्र महाराज के शुक्रवार को राजातालाब में पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने यहां प्रवास किया और भक्तों को आशीर्वचन दिए। कहा कि जैन धर्म सर्वजन के कल्याण के लिए हमेशा से कृत संकल्पित रहा है। अहिंसा व्यक्ति का स्वभाव है। हिंसा वह समाज में रहकर सीखता है। यदि व्यक्ति अहिंसक होकर हर जीव मात्र के लिए कार्य करे तो भारत स्वर्ग बन जाएगा। जैन मुनि की यह यात्रा लुंबिनी से प्रारंभ हुई है। छह फरवरी को शुरू हुई यात्रा लगातार जारी है। 

11 कलाकारों ने वायलिन से किया मुग्ध
सुबह बनारस में पं. अतुल कुमार उपाध्ये ने अपने 11 साथियों के साथ वायलिन वादन कर सभी को आनंदित किया। भैरव थाट पर आधारित विभिन्न रागों में निबद्ध स्वर रचनाओं की प्रस्तुति देकर उन्होंने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। साथ कलाकारों में कविता सुपनेकर, माधवी गोखले, सुजाता मोकाक्षी, अलका सरपोलदार, भाग्यश्री अगाशे, शालिनी राव, रेवती, संगीता उपाध्ये, देवश्री ब्रह्मम्हे, शैलजा विद्वाश एवं अमृता देशपांडे वायलिन तथा तबले पर पं. किशन रामडोहकर संगत में शामिल रहे। कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।

लिखने का कोई रटा-रटाया फाॅर्मूला नहीं है
डीएवी पीजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में शुक्रवार को कहानियों में स्थान का महत्व विषय पर एक दिन की संगोष्ठी शुरू हुई। मुख्य वक्ता ख्यातिलब्ध लेखक और द स्कोर्पियन ग्रासेज, द लैंप डार्क जैसे उपन्यास के लेखक शिवराम के. ने विद्यार्थियों को कहानी लिखते समय स्थान के महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि लेखन का कोई शॉर्टकट नही होता और न ही कोई रटा-रटाया फार्मूला। लिखने की कला में तभी पारंगत होंगे जब लिखने की आदत डालेंगे। 

बजाज ऑटो ने पल्सर एन160 की घटाई कीमत, 6,573 रुपये की बचत
बजाज ऑटो लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश में अपनी पल्सर एन160 सिंगल सीट यूएसडी वेरिएंट की कीमत कम करने की घोषणा की है। ग्राहक अब इस मोटरसाइकिल पर लगभग 6,573 रुपये की बचत कर सकेंगे। उदय ऑटो लिमिटेड के अधिकृत डीलर एवं अधिष्ठाता उदय राज सिंह ने बताया कि यह कदम स्पोर्ट्स मोटरसाइक्लिंग को अधिक युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसे मात्र 9,999 रुपये के डाउन पेमेंट पर प्राप्त किया जा सकता है। 

पल्सर एन160 में प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैम्प, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और नेविगेशन के साथ डिजिटल डिस्प्ले जैसे फीचर्स हैं। बजाज ऑटो लिमिटेड के एमसीबीयू प्रेसिडेंट सारंग कानडे ने कहा कि हमारा उद्देश्य हमेशा से भारत के युवाओं के लिए हाई परफॉर्मेंस मोटरसाइक्लिंग को आसान बनाना रहा है। नई कीमतें उत्तर प्रदेश में बजाज ऑटो के सभी अधिकृत डीलरशिप पर तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं।

राज्यमंत्री ने 50 छात्र-छात्राओं को दिए ओ-लेवल और सीसीसी प्रमाणपत्र
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में आयोजित दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 50 छात्र-छात्राओं को सीसीसी और ओ लेवल के प्रमाण पत्र दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश डिजिटल सशक्तीकरण की ओर बढ़ रहा है। छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में कंप्यूटर शिक्षा केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। राज्यमंत्री ने दिव्य कला कौशल प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और दिव्यांग कारीगरों व छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। प्रमाणपत्र पाकर छात्रों के चेहरों पर खुशी देखी गई।

स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति के प्रति लोगों को किया जागरूक
जय प्रकाश महाविद्यालय उमरहां में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के पांचवें दिन शुक्रवार को स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही महिला साक्षरता और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर बराईं मलिन बस्ती में जाकर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। विशेष शिविर के स्वयंसेवकों ने गांवों में जाकर महिलाओं को भी नशे के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया। खास तौर से बेटियों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी रीना मौर्या के साथ शिवांगी, रूबी यादव आदि मौजूद रहीं।

पीलीभीत से शुरू हुई गोमती जीवन यात्रा का कैथी संगम पर समापन
गोमती नदी के संरक्षण और स्वच्छता के लिए निकाली गई गोमती जीवन यात्रा का शुक्रवार को मार्कण्डेय महादेव स्थित गंगा-गोमती संगम तट पर विधि-विधान के साथ समापन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उद्गम स्थल से लाए गए जल का पूजन कर उसे संगम की धारा में समर्पित किया गया और नदी संरक्षण का संकल्प लिया गया। यह यात्रा 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन पीलीभीत स्थित गोमती के उद्गम स्थल से शुरू हुई थी। शतरुद्र प्रताप सिंह धारा कलश में गोमती का जल लेकर विभिन्न जनपदों से होते हुए वाराणसी पहुंचे। यात्रा का उद्देश्य नदी संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना था। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने मनाया रंगोत्सव
यूपी एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन की वाराणसी शाखा ने शुक्रवार को जिला पुस्तकालय में रंगोत्सव मनाया। इस दौरान कवि सम्मेलन भी हुआ। अतिथियों और कवियों का मल्यार्पण और अगंवस्त्रम कर स्वागत किया गया। कवियों ने अपने रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया गया। अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष सुधीर चंद्र वर्मा ने की। इसमें होली मिलन भी हुआ। सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल वाराणसी दिनेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक वाराणसी राजन सिंह एवं राणा ब्रिजेश सिंह सिसोदिया, पुस्तकालयाध्यक्ष कंचन सिंह परिहार, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद शशिकांत श्रीवास्तव रहे। 

मौन संवाद से जीवन को ऊर्जावान बनाने व ईश्वर को पाना आसान: श्रीलश्री संत सुंदर
आत्मन अवेयरनेस सेंटर (ऑक) चेन्नई की ओर से तीन दिवसीय मौन संवाद शुक्रवार को अवलेशपुर चितईपुर स्थित विश्वनाथ पुरी कॉलोनी के आदि प्रज्ञा मठ में शुरू हुआ। चैन्नई के श्रीएलश्री संत सुंदर ने लोगों को मौन संवाद से अपने अंदर की शक्ति को पहचानने के तरीके बताए। 

संत सुंदर ने कागज पर लिखकर बताया कि मौन संवाद से हर व्यक्ति साधारण से असाधारण बन सकता है। यह जरूरी नहीं है कि हम गेरुआ वस्त्र धारण करके ही ईश्वर की पूजा करें आप किसी भी रूप में हो मन के अंदर की शुद्धता के लिए मौन संवाद सबसे कारगर कारगर उपाय है। मौन रहकर हम अपने अंदर की कमियों को पहचान कर उसे दूर कर सकते हैं और ईश्वर को प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने गंगापार रामनगर क्षेत्र में वेद व्यास मंदिर में भी मौन संवाद का आयोजन किया। 

सपा कार्यालय में मनाई शिवदयाल की जयंती
समाजवादी पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में शुक्रवार को लोक अदालत के जनक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बाबू शिवदयाल चौरसिया की जयंती मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर व्यक्तित्व, कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। 

अध्यक्षता करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि बाबू शिवदयाल चौरसिया ने वंचितों, शोषितों और समाज के कमजोर लोगों को उनका हक दिलाने के लिए विपरीत हालातों में भी संघर्ष किया। उन्हें निर्धनों को मुफ्त कानूनी सहायता दिलाने के प्रयासों के लिए लोक अदालत का जनक माना जाता है। उनके प्रयासों से ही संविधान में अनुच्छेद 39A जोड़ा गया था। राष्ट्रीय स्तर पर तमाम जरूरतमंद गरीबों, दलितों ,शोषित समस्त पिछड़े वर्गों को सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनैतिक रूप से जागरूक करने का कार्य किया। 
विज्ञापन

महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा। - फोटो : संवाद
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा का हृदयाघात से निधन
महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा (68) का शुक्रवार सुबह हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। मणिकर्णिका घाट पर छोटे बेटे शैलेश मिश्रा ने शव को मुखाग्नि दी। मृत्यु की खबर सुनते ही घर पर पार्थिव शरीर को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। 

मुख्य रूप से मंत्री रवींद्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, आरके चौधरी, श्रीनारायण खेमका, अशोक जायसवाल ने श्रद्धांजलि दी। वाराणसी के सभी केंद्रीय व्यापार मंडलों (महानगर उद्योग व्यापार समिति, काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नगर उद्योग व्यापार मंडल ,वाराणसी व्यापार मंडल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, वाराणसी व्यापार मंडल काशी प्रांत) एवं उद्योग जगत (इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन , स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज, रामनगर इंडस्ट्रियल स्टेट ) के पदाधिकारियों ने इसे क्षति बताया। 

संयुक्त बयान में कहा कि दिवंगत प्रेम मिश्रा को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक शहर के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। प्रेम मिश्रासंगीतकार घराने में जन्मे अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। अपने पीछे दो बेटे, दो पौत्र और एक पौत्री के साथ भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। व्यापारियों ने कहा कि उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकेगा। 

व्यापारी नेता के निधन के बाद होली मिलन समारोह स्थगित: महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा के निधन पर वाराणसी फर्नीचर एवं फर्निशिंग व्यापार मंडल का होली मिलन समारोह स्थगित कर दिया गया है। 

व्यापारी नेता के निधन पर मंत्री और व्यापार जगत ने दी श्रद्धांजलि : महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा के निधन पर मंत्री, व्यापारियों और उद्यमियों ने श्रद्धांजलि दी है। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने शोक संवेदना व्यक्त की है। कहा कि उनका निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें