फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी के कोरोना पॉजिटिव के गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, गांव को किया सील 

Sun, 22 Mar 2020 08:56 PM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
गांव पहुंचे डॉक्टर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

वाराणसी के फूलपुर के चितौरा गांव के जिस युवक के शनिवार को कोरोना पॉजिटिव की सूचना से हड़कंप मच गया था, उसके गांव में रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह के साथ पहुंची टीम ने गांव के लोगों का सैंपल लिया और लोगों को कोरोना से बचाव के बारे में जागरूक किया। दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती युवक के परिवार वालों को भी घर में ही आइसोलेट किया गया है। सीएमओ ने बताया कि गांव वालों की स्क्रीनिंग के साथ ही परिवारीजनों के सैंपल को भी बीएचयू भेजा जाएगा। बताया कि युवक का इलाज चल रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

विज्ञापन


शनिवार को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से ही रात में गांव को लॉकडाउन कर दिया गया था। सुबह होते ही टीम पहुंच गई। यहां पहले गांव को सैनिटाइज किया गया। साथ ही लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की गई। इस दौरान ग्रामीणों को घर से न निकलने की हिदायत दी गई है। 

युवक के परिवार के सदस्यों को भी हिदायत दी गई कि किसी भी हाल में 15 दिन के पहले घर के बाहर न निकले और घर में पीड़ित के जितने भी कपड़े हैं या परिवार के अन्य सदस्यों के कपड़े हैं उन्हें गर्म पानी से डिटर्जेंट से अच्छी तरह साफ करें। यह भी बताया गया कि कुछ दिन तक सिर्फ दाल चावल ही खाएं सब्जी के चक्कर में न पड़े।
विज्ञापन

 

बाहर खड़ी एंबुलेंस - फोटो : Amar Ujala

युवक से मिलने वालों की बनेगी सूची

स्वास्थ्य विभाग की ओर से युवक से मिलने वालों की सूची बनाकर उनकी भी स्क्रीनिंग की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि वह दुबई से आने के बाद किस-किस से घर पर मिलने गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। 

पावरलूम बंद कराकर पिता संग काम करने वालो को किया गया आइसोलेट

शनिवार को रात में जैसे ही जानकारी हुई कि फूलपुर थाना क्षेत्र के चितौरा गांव निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव है तो उसके गांव पहुंची टीम ने लोगो को जागरूक किया। इस दौरान उसके पिता जो पावरलूम में काम करते हैं तो पावरलूम को बंद कराकर उनके साथ काम करने वालों को भी आइसोलेट किया गया। ओदार गांव में एसडीएम जब युवक के पिता के साथ पावरलूम में पहुंचे तो उसके साथ तीन और लोग काम कर रहे थे।  

जिसमे दो लोग ओदार गांव और एक व्यक्ति बगल के गांव राजपुर का रहने वाला है। पावरलूम को भी बंद करा दिया गया और राजपुर और ओदार गांव को भी सील किया गया। रविवार को इन दोनों गांव के लोगों की भी थर्मल स्क्रीनिंग हुई साथ ही पूरे गांव को सैनिटाइज भी किया गया।

 

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Amar Ujala

पहले विमान से दिल्ली फिर ट्रेन की जनरल बोगी से बनारस आया था युवक

फूलपुर थाना क्षेत्र का कोरोना पॉजिटिव युवक 16 मार्च को एयर इंडिया के विमान एआई 916 से  दुबई से दिल्ली पहुंचा था फिर दिल्ली से 17 मार्च को काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के जनरल बोगी में बैठकर वाराणसी आया। यहां आने के बाद ऑटो से अपने गांव पहुंचा था।

यात्रा करने वालों की जुटाई जा रही जानकारी

यात्रा के दौरान युवक के साथ यात्रा करने वालो की जानकारी भी जुटाई जा रही है। अब प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा यह पता करने में जुटा है कि उस दिन विमान में उसके अगल बगल के सीट पर कौन कौन यात्री था। साथ ही ट्रेन में आने वालों के साथ ही ऑटो चालक का भी डिटेल लिया जा रहा है। 

विमान और ऑटो चालक का डिटेल तो मिल जाएगा लेकिन ट्रेन के जनरल कोच का डिटेल मिलना मुश्किल है क्योंकि जनरल कोच का रिकार्ड रेलवे के पास नही होता है। ऑटो चालक फूलपुर थाना क्षेत्र के नयेपुर बरजी गांव का रहने वाला है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें