कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को देखते हुए इंग्लैंड समेत विभिन्न देशों से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। पूर्वांचल के वाराणसी, आजमगढ़ और विंध्य मंडल के जिलों में अभी तक 104 लोग इंग्लैंड और अन्य देशों से आए हैं। यात्रियों की संख्या और कोरोना के नए स्ट्रेन के खौफ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। यात्रियों की सैंपलिंग कराने के साथ क्वारंटीन करने में महकमा जुटा है।
- वाराणसी में एक माह के अंदर नीदरलैंड, इंग्लैंड, आयरलैंड, पुर्तगाल, जिम्बांबे और कनाडा से 45 यात्री पहुंचे जिनकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है।
- गाजीपुर में कुछ दिनों पहले इंग्लैंड और आयरलैंड से एक महिला सहित चार लोग आए हैं। शहर के गोराबाजार में आई महिला की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। कासिमाबाद ब्लाक के रेंगा गांव में एक व्यक्ति आया है। आयरलैंड से हंसराजपुर में आया एक प्रवासी दूसरे ही दिन आयरलैंड वापस हो गया। जबकि एक प्रवासी की टीम तलाश कर रही है।
- बलिया में चार लोग आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनमें से तीन लोगों की तलाश कर ली है। इनमें से पिता-पुत्री 12 दिसंबर को इंग्लैंड लौट गए हैं। गड़वार थाना क्षेत्र के खरहाटार गांव निवासी युवक इटली में पढ़ाई करता है। वह सात दिसंबर को बलिया आया था। इस समय बंगलूरू में है।
- मऊ में 11 लोग यूके से आए इनमें से आठ लोगों की मौजूदगी जिले में मिली है। जबकि एक इंग्लैंड लौट गया है, वहीं दो लोग देश के दूसरे महानगरों में हैं। विभाग ने आठ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजने के साथ उन्हें क्वारंटीन कर दिया है।
- मिर्जापुर में सात लोग लौटे हैं। इसमें एक को आए एक माह से अधिक हो गया है। दूसरा वाराणसी में है और एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोग मझवां ब्लाक के हैं। इनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
- जौनपुर में 25 दिनों के भीतर इंग्लैंड से 19 लोग जिले में आए। इनमें 14 लोग 9 दिसंबर के पहले आए थे, जबकि पांच बाद में आए हैं। सभी की सैंपलिंग कर उन्हें घर में क्वारंटीन किया गया है।
- चंदौली में इस माह की शुरुआत में सात लोग लौटे हैं। सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उनकी निगरानी की जा रही है।
- भदोही में एक महिला आई है। उनका सैंपल जांच के लिए भेजकर क्वारंटीन कर दिया गया है।
- आजमगढ़ में छह लोग आए। इनके सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।