आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सांस्कृतिक मूल्यों के समावेश की अनिवार्यता पर चर्चा हुई। मुख्य अतिथि आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो भी चुनौतियां हैं, उन्हें दूर करने में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का समन्वय बहुत जरूरी है। इस दिशा में सभी को प्रयास करना होगा।
सांस्कृतिक मूल्यों एवं समग्र मनोदैहिक उत्कर्ष विषयक सम्मेलन में नेपाल से आए प्रो. शिव मंगल प्रसाद ने युवा पीढ़ी में मनोदैहिक सुदृढ़ता के विकास के लिए पारंपरिक मूल्य प्रणालियों की कालजयी और अंतर-सांस्कृतिक प्रासंगिकता बताई। आयुर्वेद संकाय प्रमुख प्रो. केएन मूर्ति इस आयोजन को विद्यार्थियों सहित सभी के लिए उपयोगी बताया। समारोह में संगीता सिंह एवं सोनाली शुक्ला की संपादित पुस्तक, डॉ. भवानी सिंह की लिखी पुस्तक का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर प्रो. राजेंद्र प्रसाद, प्रो. रानी सिंह, प्रो. पीके गोस्वामी, प्रो. सुदामा सिंह यादव आदि मौजूद रहे।