विशेषज्ञों के अनुसार तनाव, खानपान में गड़बड़ी, अधिक नमक, धूम्रपान, नशा, कम नींद और शारीरिक गतिविधि की कमी कम उम्र में भी रक्तचाप बढ़ा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, हाई बीपी को खामोश बीमारी भी कहा जाता है। कई लोगों को लंबे समय तक कोई खास परेशानी महसूस नहीं होती। ऐसे में वे जांच नहीं कराते और बीमारी का पता नहीं चलता।
इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग 30 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच कर रहा है। डिजिटल स्क्रीनिंग के जरिये संदिग्ध मरीजों की पहचान की जा रही है। हर महीने बड़ी संख्या में नए संदिग्ध मरीज सामने आ रहे हैं। बीपी ठीक हुआ तो छोड़ देते हैं दवा बीपी के मरीजों में से सिर्फ 35 से 40 फीसदी लोग ही नियमित दवा लेते हैं। कई मरीज बीपी सामान्य आते ही दवा बंद कर देते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार बीपी की दवा डॉक्टर की सलाह के बिना बंद नहीं करनी चाहिए। रक्तचाप नियंत्रित रखने के लिए नियमित जांच और चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा लेना जरूरी है। अनियंत्रित हाई बीपी आगे चलकर हृदय, मस्तिष्क और गुर्दों को नुकसान पहुंचा सकता है। शहर में खतरा ज्यादा ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में शहर में हाई बीपी के मामले ज्यादा हैं। महिलाओं में भी बढ़ रहा खतरा जिले में 2.25 लाख महिलाएं हाई बीपी के दायरे में बताई गई हैं।
जंक फूड का सेवन भी ठीक नहीं
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अंजन श्रीवास्तव के अनुसार धूम्रपान, नशीले पदार्थों का सेवन, अधिक नमक, जंक फूड, कम नींद और लगातार तनाव प्रमुख कारण हैं। बच्चों में पढ़ाई, युवाओं में कॅरिअर और महिलाओं में परिवार की जिम्मेदारी बीपी पर असर डाल रही है।
नमक पर लगाम, बीपी पर नजर
बीएचयू के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. ओम शंकर बताते हैं कि हाई बीपी से बचाव के लिए रोज नमक की मात्रा सीमित रखना जरूरी है। अचार, पापड़, नमकीन, चिप्स और पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में भी काफी नमक होता है। इसलिए सिर्फ खाने के ऊपर से नमक कम करना पर्याप्त नहीं है।
अस्पतालों के एनसीडी क्लीनिक में स्क्रीनिंग के साथ-साथ मरीजों को फॉलोअप में बुलाकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। अस्पतालों में हाइपरटेंशन और अन्य बीमारियों की दवाएं पर्याप्त मात्रा में हैं। - डॉ. एनपी सिंह, सीएमओ।