63 केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा हुई, कुलपति ने किया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। जिले में 63 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को बीएड प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। पहली पाली में कठिन प्रश्नपत्र देख अभ्यर्थियों के सिर चकरा गए। सामान्य अध्ययन और सामान्य ज्ञान के घुमावदार सवालों से अभ्यर्थी जूझते नजर आए। वहीं, गर्मी के कारण कई केंद्रों पर अभ्यर्थी परेशान रहे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा बृहस्पतिवार को दो पालियों में हुई। जिले में 3908 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।नोडल केंद्र महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ समेत 63 केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली की परीक्षा शुरू होने के तीन घंटे पहले ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह नौ बजे से प्रवेश परीक्षा शुरू हुई।
कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कई केंद्रों का निरीक्षण भी किया। प्रथम पाली में 25580 परीक्षार्थी उपस्थित थे और 3902 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 25574 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 3908 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में उपस्थित प्रतिशत 86.76,अनुपस्थित का 13.23 रहा। द्वितीय पाली में उपस्थिति का 86.74 फीसदी और अनुपस्थित परीक्षार्थियों का प्रतिशत 13.26 रहा। नोडल अधिकारी प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
केंद्र दूर होने से अभ्यर्थी हुए परेशान, जनरेटर बना शो पीस
राजातालाब। राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में परीक्षार्थियों ने व्यवस्था को नाकाफी बताया। उनका कहना था कि सवालों के साथ गर्मी से भी संघर्ष किया। प्रियांशी ने बताया कि शहर से 30 किलोमीटर दूर आना पड़ा। परीक्षा कक्ष में पंखा न चलने के कारण और भी परेशानी हुई। रामकुमार वर्मा, दिव्यांश सेजल और श्रेया का भी यही कहना था। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर ठीक-ठाक ही था। तैयारी के अनुरूप प्रश्न पूछे गए थे। जक्खिनी फीडर से बिजली बंद होने के कारण महाविद्यालय में पंखे नहीं चल पाए, जबकि जनरेटर शोपीस बना रहा।
पेपर ठीक था, लेकिन गर्मी के कारण काफी परेशानी हुई। जगतपुर इंटर कॉलेज में केंद्र था। - साक्षी पांडेय, चौबेपुर
पहले प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन के प्रश्न कठिन थे बाकी पेपर ठीक था। - विजय यादव, सारनाथ
प्रवेश परीक्षा के लिए जो तैयारी की थी उसके अनुसार पेपर सही था। - सौरभ शुक्ला, अर्दली बाजार
बहुत ज्यादा उलझाने वाले प्रश्न नहीं थे, कमरे में पंखा चल रहा था, लेकिन गर्मी के कारण परेशानी हुई। - चंदन यादव, मुगंवार
सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन के प्रश्न बेहद घुमावदार थे, लेकिन दूसरी पाली के प्रश्न सरल थे। - प्रकाश यादव, जौनपुर
तैयारी के अनुसार तो पेपर आसान था। - अभिषेक पटेल, रोहनिया
पहले पाली के प्रश्न घुमावदार थे, लेकिन दूसरी के प्रश्नपत्र बेहद सरल थे - सोनाली यादव, रामघाट
दोनों पालियों के प्रश्नपत्र बेहद आसान थे, जिस तरह से तैयारी की थी उसके अनुसार पेपर अच्छा हुआ है। - पूजा भारती, सिगरा