मऊ के हकारीपुर गांव स्थित प्राथ्मिक विद्यालय का मामला
- फोटो : demo pic
यूपी के मऊ जिले के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर और उसके पुत्र ने सहायक अध्यापक की कमरे में बंद कर पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। घटना धनतेरस के दिन 17 अक्तूबर की है। सोमवार को मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने हेडमास्टर और सहायक अध्यापक का शांति भंग में चालान कर दिया। विवाद के चलते सोमवार को विद्यालय में पढ़ाई भी नहीं हुई। शिक्षामित्र और रसोइयों ने भी हेडमास्टर पर गाली गलौज करने और उनके बेटे पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
हकारीपुर प्राथमिक विद्यालय में तिनहरी गांव के कल्याण त्रिपाठी हेडमास्टर और रतनपुरा क्षेत्र के नगवां सिंधवल गांव निवासी त्रिलोकी निषाद सहायक अध्यापक हैं। सहायक अध्यापक त्रिलोकी निषाद के अनुसार हेडमास्टर अक्सर विद्यालय नहीं आते, उनकी जगह उनका बेटा रसोइयों, शिक्षा मित्र और सहायक अध्यापक की हाजिरी लगाता है और दुर्व्यवहार भी करता है।
सहायक अध्यापक ने विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। सहायक अध्यापक ने मोबाइल फोन से हेडमास्टर के बेटे की हरकतों का वीडियो बनाकर भी विभागीय अधिकारियों को भेजा था। इसकी जानकारी होने पर हेडमास्टर कल्याण त्रिपाठी ने बेटे के साथ धनतेरस के दिन सहायक अध्यापक त्रिलोकी की विद्यालय के कमरे में बंद कर पिटाई कर दी। उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया।
त्रिलोकी ने उसी दिन पत्र भेजकर इसकी शिकायत बीएसए और जिलाधिकारी से की थी। सोमवार को विद्यालय खुला तो तनाव का माहौल था। सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों से पूछताछ करने के बाद हेडमास्टर और सहायक अध्यापक दोनों को थाने ले आई और दोनों का शांति भंग में चालान कर दिया।
उधर, हेडमास्टर कल्याण त्रिपाठी का कहना है कि सहायक अध्यापक के न आने पर उन्हें अनुपस्थित कर देने से यह बखेड़ा खड़ा किया जा रहा है। मामले में मऊ के बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था, अब आया है, पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषी के विरुद्घ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।