वाराणसी। बटुआपुरा (सुंदरपुर) इलाके में अस्सी जाने वाले नाले में 14 वर्षीय किशोर का शव उतराया मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान थे। किशोर के गले और पेट पर एक दर्जन जगह चाकू से गोदा गया था। पार्षद इंद्र बहादुर पटेल ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ भेलूपुर सुधीर जयसवाल व इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी ने पूछताछ शुरू की। किशोर की पहचान तेलियाना बजरडीहा स्थित झोपड़ पट्टी में रहने वाले छोटू शेख रूप में हुई। बड़े भाई रवि शेख को फ ोन कर घटना की जानकारी दी गई। मौके पर मां रबीना व अन्य परिजन पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बटुआपुरा स्थित नाले में शुक्रवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एक शव उतारा देखा। मौके पर पहुंचे पार्षद ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मां रबीना ने बताया कि छोटू गुरुवार को घर के समीप पंतग उड़ा रहा था। दो बजे घर खाना खाने के लिए गया था। उसके बाद से वापस घर नहीं लौटा। बड़ा भाई रवि शेख बगल में रहने वाले नाना यासीन शेख के घर पर सोने के लिए चला गया। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को बताया कि छोटू मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के बाहर एक इलाके में रहने वाले युवक के साथ घूमते दिखा था। छोटू के पिता अलाउद्दीन शेख की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से रवि और छोटू मां के साथ तेलियाना बजरडीहा स्थित झोपड़ पट्टी में रहते थे। ये मूलत: पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। मृतक की जेब से मांझा मिला है। वहीं उसकी गर्दन में नारियल की रस्सी का फंदा भी लगा था जिससे उसको पकड़ने या शव को घसीटने के लिए इस्तेमाल किया गया होगा। पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खाने के बाद ही हुई हत्या
- छोटू की पोस्टमार्टम में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। उसके गर्दन, पेट में एक दर्जन बार वार किया गया है। वहीं खाने के तुरंत बाद उसकी हत्या कर दी गई। रात 11 बजे के लगभग हत्या का समय बताया जा रहा है।
घटना स्थल पर जाने के तीन रास्ते0
- जिस नाले में छोटू का शव मिला वहां तक पहुंचने के लिए तीन रास्ते हैं। जबकि तीनों रास्ते सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है। बगल स्थित एक अस्पताल में लगें सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को कुछ फु टेज मिले हैं लेकिन उससे कुछ स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। एक रास्ता कौशलेश नगर कॉलोनी से है। उसकी हत्या कहीं और करने के बाद रिक्शे या मोटरसाइकिल से ले आकर यहां फेंकने की आशंका जताई जा रही है और बाद में अपराधी वापस लौट गए।
ताजा हुई सलमान की हत्या की घटना
- छोटू की हत्या के तरीके ने लोगों के जेहन में सलमान हत्याकांड की घटना को ताजा कर दिया। हत्यारों ने देवपोखरी बजरडीहा के रहने वाले रिक्शा चालक मेराज के 12 वर्षीय बेटे सलमान की चाकू गोद कर हत्या करने के बाद शव को जक्खा स्थित कब्रिस्तान के पीछे नवनिर्मित मकान की नींव में गाड़ दिया था।
डबल मर्डर का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बनी
बीएचयू परिसर स्थित आयुर्वेद फैकेल्टी के बाहर चाय की दुकान संचालक रामू की हत्या की तफ्तीश में जुटी पुलिस के हाथ अभी खाली है। इस बीच बटुआपुरा में छोटू की नृशंस हत्या कर शव मिलने के बाद लंका पुलिस का सिर दर्द और बढ़ गया है। दोनों घटना की खुलासा करना पुलिस के लिए एक चुनौती है।