वाराणसी। दो दिन से गायब कश्मीरीगंज निवासी डेकोरेटेर प्रदीप वर्मा (29) को दो दोस्तों ने शराब पिलाने के बाद विश्वसुंदरी पुल से धक्का देकर गिरा दिया था। बृहस्पतिवार सुबह नगवा चौकी के अंतर्गत मलहिया स्थित चौरा माता मंदिर के पास गंगा से प्रदीप का शव पुलिस ने बरामद किया। इसके साथ ही आरोपी दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उधर, प्रदीप के हत्या की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
भेलूपुर पुलिस की पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि प्रदीप शक करता था और साल भर से वह धमकी दे रहा था। इससेे आजिज आकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। सोमवार शाम राहुल को घर से बुलाकर पार्टी के बहाने स्कूटी से सुंदरपुर पहुंचे, जहां प्रदीप को शराब पिलाई गई। प्रदीप जब नशे में धुत हुआ तो उसे लेकर विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचे, पहले तो गला दबाकर मारने का प्रयास किया गया। इसके बाद उसे गंगा में धक्का देकर गिरा दिया गया। प्रदीप की जेब में रखा पर्स निकाल लिया गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। पुलिस के अनुसार 11 मई को प्रदीप की मां कलावती ने राहुल के खिलाफ भेलूपुर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस राहुल के संपर्क में रहने वाले कई लोगों को उठाकर पूछताछ कर रही थी।
भेलूपुर इंस्पेक्टर अमित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की निशानेदही पर विश्वसुंदरी पुल से लेकर नगवां चौकी तक जाल बिछाया और सुबह साढ़े छह बजे मलहिया के चौरा माता मंदिर परिसर के पास गंगा से शव बरामद किया गया। वहीं कमच्छा इलाके से राहुल पटेल निवासी कश्मीरीगंज और उत्कर्ष पात्रा निवासी सरायनंदन को स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। राहुल के कब्जे से प्रदीप का पर्स और आधार कार्ड बरामद हुआ। अस्सी चौकी प्रभारी दीपक कुमार, एसएसआई सुधीर त्रिपाठी आदि ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को दबोचा।
-----------
मां बेसुध, पत्नी हुई बेहोश
शादी विवाह में सजावट का काम करके घर परिवार चलाने वाले प्रदीप की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता सुरेंद्र के तीन बेटों में सबसे बड़े प्रदीप का शव घर पहुंचते ही मां कलावती बेसुध हो गई। पत्न्नी सौम्या को संभालना परिजनों के लिए कठिन रहा। वह बार-बार बेहोश हो रही थी। प्रदीप की एक साल की मासूम बेटी को भी कुछ आभास ही नहीं था कि यह क्या हो गया, चाचा की गोद में बेटी कभी पिता के शव को निहारती तो कभी मां और दादी को बिलखते हुए देखती। मौजूद हर किसी की आंखें डबडबा गईं।