प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी ने राजघाट पर आयोजित काशी गंगा महोत्सव के अंतिम दिन अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं कार्यक्रम के दौरान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें हंसराज रघुवंशी में 'है विश्वनाथ बाबा सबसे बड़ा प्रतापी, उसका ही बनारस है उसका ही ज्ञानवापी, हम उसका कर्ज साथ ये देकर चुकाएंगे, मंदिर जहां था फिर वहीं मंदिर बनाएंगे...' गीत की प्रस्तुति दी। सोशल मीडिया पर तेजी से यह वीडियो वायरल हो रहा है। बता दें कि ज्ञानवापी का मामला न्यायालय में विचाराधीन हैं, ऐसे में इस गाने को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बता दें कि मंगलवार की शाम से ही राजघाट की सीढ़ियों पर जगह लेने के लिए संगीत प्रेमी पहुंचने लगे थे। पांच घंटे के इंतजार के बाद रात नौ बजे जब हंसराज ने मंच संभाला तो श्रोताओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका अभिवादन किया। हंसराज रघुवंशी ने मेरा भोला है भंडारी करे नंदी की सवारी...से शुरूआत की तो श्रोता भी सुर से सुर मिलाने लगे। इसके बाद हंसराज ने शिव समा रहे मुझमें और मैं शून्य हो रहा हूं... के जरिये काशीवासियों को शिवत्व का अहसास कराया। अगली प्रस्तुति में शिव कैलाशों के वासी... और लागी लगन शंकरा... से शिव के प्रति प्रेम का भाव जगाया।