दिवाली के दिन एक दिव्यांग दंपती के उपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला यूपी के मिर्जापुर जिले का है। हलिया थाना क्षेत्र के महोगढ़ी गांव में बुधवार को सुबह कक्षा की 10 की छात्रा की लाश उसके कमरे में फंदे से लटकती मिली।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटी की मौत से आहत दिव्यांग माता-पिता रोते-बिलखते बदहवास होने लगे। गांव के लोग किसी तरह उन्हें संभालते रहे।
मौत का कारण आर्थिक तंगी बताई जा रही है। महोगढ़ी गांव निवासी नंदलाल गौड़ और पत्नी श्याम पत्ती दोनों दिव्यांग हैं। भूमिहीन होने के कारण ड्रमंडगंज घाटी के पास मड़हा लगाकर रहते हैं। नंदलाल को बेटा गरुड़ देव और एक बेटी निरंजली थी।