संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। वाराणसी मंडल की बालिकाओं ने रविवार को खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित प्रादेशिक सीनियर महिला हैंडबाॅल प्रतियोगिता के फाइनल में सांस रोक देने वाले मुकाबले में अयोध्या मंडल को 23-22 गोल से हरा कर खिताब जीत लिया। चार राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी वाराणसी मंडल की दो माह में लगातार तीसरी प्रादेशिक जीत है।
बाराबंकी में खेले गए मुकाबले में वाराणसी की टीम ने राष्ट्रीय खिलाड़ी रेशमा यादव और नैना यादव की अगुवाई में आक्रमण की शुरुआत की। अयोध्या की डिफेंस लाइन ने बचाव किया। हाफ टाइम से पहले अयोध्या ने काउंटर अटैक किया। हाफ टाइम तक स्कोर अयोध्या के पक्ष में 10-8 का रहा।
दूसरे हाफ में वाराणसी की टीम ने रणनीति में बदलाव किया। राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रीति यादव, शिवांगी पांडेय और सताक्षी पटेल की तिकड़ी ने अयोध्या की डिफेंस लाइन को भेदते हुए आक्रमण की झड़ी लगा दी। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले स्कोर 21-21 था। तभी रेशमा यादव ने लगातार दो गोल कर स्कोर 23-22 कर दिया और वाराणसी को प्रदेश का चैंपियन बना दिया।
वाराणसी की तरफ से रेशमा यादव और नैना यादव ने पांच-पांच, प्रीति यादव ने चार, सुमन यादव, शिवांगी पांडेय व सताक्षी पटेल ने तीन-तीन गोल किए। उत्तर प्रदेश के चैंपियन बनने पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह, आरएसओ विमला सिंह और जिला हैंडबाल संघ के सचिव शम्स तबरेज शम्पू ने बधाई दी है।