बस का ब्रेक फेल हुआ, छह लोग घायल हुए
- चौकाघाट में हुआ हादसा, टकराई आरओबी की दीवार से
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। चेतगंज थाना अंतर्गत चौकाघाट आरओबी के समीप मंगलवार की दोपहर प्राइवेट बस का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित बस की चपेट में आकर छह यात्री घायल हो गए और मोपेड व साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पाकर चेतगंज पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया और बस को पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संयोग अच्छा था कि बड़ा हादसा नहीं हुआ।
गाजीपुर से करीब 40 यात्रियों को लेकर बनारस आई प्राइवेट बस का ब्रेेक चौकाघाट वरुणा पुल पर पहुंचते ही फेल हो गया। मछली मंडी पार करने के बाद बस आरओबी की दीवार से टकराई तो एक दंपति समेत दो राहगीर चपेट में आ गए और अफरातफरी मच गई। आननफानन में यात्री नीचे उतरे और पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। चेतगंज पुलिस के अनुसार हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। दूध लेकर जा रहे मोपेड सवार रघुनाथ यादव, चौबेपुर के रामबली व श्यामप्यारी और सूरज सोनकर को चोट लगी है।
---------
पुलिस ने स्टार्ट कराया तो बस फिर हुई अनियंत्रित
हादसे के बाद पहुंची पुलिस ने बस स्टार्ट कराई तो एक बार वह फिर अनियंत्रित हो गई और दोबारा दीवार से जा टकराई। इसके बाद क्रेन बुला कर बस को पुलिस लाइन ले जाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी। अन्यथा बड़ा नुकसान होने से इंकार नहीं किया जा सकता था।