अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद आईएमएस बीएचयू के निदेशक ने गायनी वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का संज्ञान लेने के साथ ही समस्या के निस्तारण के निर्देश दिए।
IMS BHU: बीएचयू अस्पताल के गायनी वार्ड में रविवार को पंखा गिरने की घटना के बाद बुधवार को आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार वार्ड पहुंचे। उन्होंने वार्ड का कायाकल्प कराने की बात कही। इस दौरान उन्होंने पंखा गिरने वाले कमरे को देखा।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद अस्पताल के कर्मचारियों से निदेशक ने कहा कि यह तो संयोग था कि कोई बड़ी घटना नहीं हुई, मरीज पर पंखा गिरने से बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए गायनी वार्ड का कायाकल्प करवाया जाएगा।
अस्पताल के पहले तल पर बने गायनी वार्ड में दोपहर में आईएमएस निदेशक जैसे ही पहुंचे, वहां ड्यूटी पर तैनात पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य लोग सकते में आ गए। निदेशक ने कहा कि इस घटना से सबक लेने की जरूरत है।
विज्ञापन
वार्ड में सभी पुराने पंखों की नए सिरे से मरम्मत करवाने और भर्ती मरीजों के सेहत की निगरानी करने को कहा। निदेशक के निर्देश पर जिस कमरे में घटना हुई थी, वहां के मरम्मत के बाद लगाए गए। यहां से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किए गए मरीजो को फिर से यहीं लाया गया। इसके अलावा दूसरे कमरे में भी जो पंखे आवाज कर रहे थे, उसको सही करवाया गया। निदेशक ने बताया कि गायनी वार्ड का कायाकल्प करवाया जाएगा।