ज्ञानवापी पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई जारी, 30 को होगी अगली बहस
वर्ष 1991 के ज्ञानवापी मुकदमे में पक्षकार बनाने और वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को हटाने की मांग वाली पुनरीक्षण याचिका पर बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत में सुनवाई हुई। दिवंगत हरिहर पांडेय की तीन बेटियों की ओर से अधिवक्ता आशीष कुमार श्रीवास्तव ने पक्ष रखा।
बहस पूरी नहीं होने पर अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तिथि निर्धारित की। हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनकी बेटियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्रा और रेनू पांडेय ने मुकदमे में पक्षकार बनाने और विजय शंकर रस्तोगी को वादमित्र पद से हटाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्टट्रैक) की अदालत ने 11 जुलाई 2025 को इसे पोषणीय न मानते हुए खारिज कर दिया था।
इसे भी पढ़ें; एनजीटी: अस्सी घाट पर मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण में 10 दिन में कार्रवाई, गंगा से दूरी पर मांगा स्पष्टीकरण
इसी आदेश को पुनरीक्षण याचिका के जरिए चुनौती दी गई है। सुनवाई के दौरान अधिवक्ता आशीष श्रीवास्तव ने दलील दी कि निचली अदालत के आदेश में प्रक्रियात्मक त्रुटियां हैं, जिन्हें सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय की नजीर का हवाला देते हुए कहा कि न्यायालय का दायित्व त्रुटियों को सुधारना है। साथ ही तर्क दिया कि वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को आपत्ति दाखिल करने का विधिक अधिकार नहीं है।