स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान वाराणसी में जमकर हंगामा हुआ। बुधवार की शाम भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने पहड़िया मंडी के बाहर पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर घुसने का प्रयास किया। रोके जाने पर वहीं बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे।
स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान बुधवार की शाम पहड़िया मंडी के बाहर हंगामा शुरू हो गया। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह व पूर्व रोहनिया विधायक एसएन सिंह के साथ सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। वे मतगणना पर्यवेक्षक को हटाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने अखिलेश यादव, पर्यवेक्षक प्रांजल यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धरने पर बैठे रहे। इस दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी और नीलकंठ तिवारी भी मौजूद रहे। मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।
रोकी गई मतगणना
विज्ञापन
बता दें कि वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना के चौथे राउंड की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को 22,599 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदार सिंह को 15,404 मत प्राप्त हुए। इस तरह आशुतोष सिन्हा 7,195 वोटों से आगे चल रहे थे। इसी बीच भाजपा नेता व कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। जिसके बाद मतगणना रोक दी गई है।