गंगा आरती देखतीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल
- फोटो : amar ujala
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को काशी पहुंची। उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर बजड़े से मां गंगा की आरती देखी। पैर में तकलीफ की वजह से वह गंगा पूजन के लिए घाट पर नही आ सकीं। इस दौरान गंगा तट पर उपस्थित जन समुदाय ने उनका स्वागत हर-हर महादेव के जयघोष से किया तो उन्होंने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
राज्यपाल भैंसासुर घाट से बजड़े पर सवार हुईं और गंगा घाटों का अवलोकन किया। वह अस्सी घाट तक गईं। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि राज्यपाल ने बजड़े से ही मां गंगा की दैनिक संध्या आरती देखी। संस्था की तरफ से उन्हें मोमेंटो और रुद्राक्ष की माला देकर स्वागत किया गया।
वहीं, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन किया। मंदिर के पुजारियों ने विश्वनाथ मंदिर में षोडशोपचार विधि से पूजन संपन्न कराया। मंदिर प्रशासन की ओर से राज्यपाल को अंगवस्त्रम् व बाबा का प्रसाद दिया गया।