बीएचयू में सोमवार को मल्टीफंक्शनल मैटेरियल्स और डिवाइसेज पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। विज्ञान संस्थान स्थित महामना हॉल में आए वैज्ञानिकों ने कहा कि रिसर्च से जमीन की समस्याओं का समाधान देने वाले लैब को सरकार का अच्छा समर्थन मिल रहा है। यहां पर एडवांस तकनीकी डिवाइस और नए विकास मॉडल पर चर्चाएं हुईं। इस पूरे सम्मेलन की सार-पुस्तिका का लोकार्पण भी किया गया।
सीएसआईआर–नेशनल फिजिकल लेबोरेटरी के निदेशक प्रो. वेणु गोपाल अचंता ने कहा कि सरकार उन परियोजनाओं को खूब समर्थन दे रही है, जो लैब में होने वाले शोध को व्यावहारिकता में बदलकर वास्तविक जीवन की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करती हैं। भारत के अंतरराष्ट्रीय साझेदार स्थानीय स्तर पर वेस्ट मैनेजमेंट सहित कई वैश्विक समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए इच्छुक हैं। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि भारत को विनिर्माण के क्षेत्र में अपनी गति को तेज करने की जरूरत है। कुलपति ने कहा कि इस तरह के शोध पूरे देश के लिए फायदेमंद होंगे। संकाय प्रमुख प्रो. राजेश कुमार श्रीवास्तव, भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुमार सिंह और संयोजक प्रो. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।