अजय राय की पत्नी ने वीडियो जारी कर कहा, सुरक्षा देने की मांग की माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने मंगलवार को एक वीडियो जारी किया। न्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति की जान को खतरा है। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में राम मंदिर प्रकरण को लेकर अपनी बात रखने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। यह लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि अजय राय अयोध्या पहुंचे थे और प्रभु श्रीराम के दर्शन के बाद राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर अपनी बात रखने वाले थे। आरोप है कि सोमवार देर रात पुलिस उनके ठहरने के स्थान पर पहुंची और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। साफ है कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। अजय राय की पत्नी ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है। विपक्ष के नेताओं को डराने और उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आधी रात को पुलिस पहुंची, उससे परिवार की चिंता बढ़ गई है और उन्हें आशंका है कि उनके पति की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। उन्होंने सरकार से अजय राय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर कहा कि लोकतंत्र में हर जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि सरकार सवालों से बचने के लिए इस तरह की कार्रवाई करेगी तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है।