मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर मंत्रियों की हिदायतों को विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मानने को तैयार ही नहीं हैं। ऐसा ही कुछ नजारा शनिवार को वाराणसी में पीएम के संसदीय कार्यालय पर देखने को मिला। यहां पर आई शिकायतों में जनता की परेशानी साफ नजर आई।
संसदीय कार्यालय पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना की जन सुनवाई के दौरान फरियादियों ने सीवर, सफाई, वेतन रोकने, पुलिस की ओर से सुनवाई न होने की शिकायत की।
गणेश धाम नेवादा के रहने वाले प्रोफेसर दिनेश कुमार ने मंत्री को बताया कि आपके विभाग के लोग आपके भी निर्देशों को मानने को तैयार नहीं हैं। दो माह पहले सीवर लाइन बिछाने के लिए आपने नगर आयुक्त को निर्देशित किया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सीवर लाइन न होने से काफी दिक्कत हो रही है। भिटारी लोहता की संगीता गुप्ता ने बताया कि एसडीएम सदर ने एक जमीन पर स्टे दिया है। उसके बावजूद पुलिस की मिलीभगत से बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा।