फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलविदा जुमा: खुदा की बारगाह में सजदा, जंग खत्म होने की मांगी दुआएं; मस्जिदों में पैर रखने तक की जगह नहीं

Sat, 14 Mar 2026 12:40 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Alvida ki Namaz: वाराणसी में शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज को लेकर सुबह से ही मुस्लिम बहुल इलाकों में चहल पहल रही। बड़े से लेकर बच्चों तक में उत्साह दिखा। सुरक्षा को लेकर पुलिस की व्यवस्था दुरुस्त रही।
विज्ञापन
मंडुवाडीह चौराहा की सूफी पीर बाबा मस्जिद में अलविदा जुमा की नमाज अदा करते मुस्लिम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: मुकद्दस रमजान में अलविदा जुमे की नमाज शुक्रवार को अकीदत और एहतराम से अदा की गई। खुदा की बारगाह में नमाजियों का हुजूम इस कदर उमड़ा की मस्जिदों की सफ में पैर रखने तक को जगह नहीं मिली। मस्जिदों की छतों, सीढि़यों और यहां तक कि बेसमेंट में जुमे की नमाज अदा की गई। 

विज्ञापन


नमाज अदा कर लोगों ने दुनिया में अमन व खैर बरकत के लिए दुआएं मांगीं। खुदा की बारगाह में सजदा कर दुनिया में जंग खत्म होने की खुदा से इल्तिजा की गई। गांव से लेकर शहर तक की मस्जिदों में अलविदा जुमे की नमाज हुई और उससे पहले खुत्बा हुआ। 

जोहर की अजार से पहले ही लोग नहा धोकर कुर्ता-पायजामा और टोपी पहने, इत्र लगाए मस्जिदों का रुख करने लगे थे। नमाज से पहले उलेमाओं ने तकरीर में रमजान, रोजे और जुमे की फजीलत को बयां की। लोगों के चेहरे पर रमजान के अलविदा होने का गम भी नजर आया। 

विज्ञापन

जुटे अकीदतमंद

उन्होंने दुनिया में दहशत और युद्ध के माहौल में अमन के लिए खुदा से गुहार लगाई। लाट मस्जिद लाट में मौलाना जियाउर्हमान, मस्जिद लंगड़े हाफिज में मौलाना जकीउल्लाह असदुल कादरी, नदेसर जामा मस्जिद मौलाना आसिफ, मस्जिद शक्कर तालाब में मौलाना मोइनुद्दीन अहमद फारुकी प्यारे मियां, उल्फत बीबी अर्दली बाजार में मौलाना साकिब रजवी, मस्जिद मुगलिया बादशाह में मौलाना हाफिज हसीन अहमद हबीबी ने नमाज अदा कराई। 

इसी तरह मस्जिद याकूब शहीद नगवां में हाफिज मोहम्मद ताहिर, मस्जिद बुलाकी शहीद अस्सी में मौलाना मुजीब, मस्जिद खाकी शाह में मौलाना मुनीर, जामा मस्जिद बक्शी अंधरापुल में मौलाना हकीमुद्दीन, मस्जिद रंग ढलवां फाटक शेख सलीम में मौलाना जाहिद, मस्जिद उस्मानिया में मौलाना हारुन रशीद नक्शबंदी, मस्जिद पठानी टोला में हाफिज इमामुद्दीन ने नमाज पढ़ाई। जिले के 400 से ज्यादा मस्जिदों में अकीदत के साथ अलविदा की नमाज हुई।

अमेरिका-इस्राइल के खिलाफ बुलंद की आवाज
अलविदा जुमे की नमाज के बाद ईरान के समर्थन और अमेरिका-इस्राइल के खिलाफ नमाजियों ने आवाज बुलंद की। उन्होंने अयातुल्ला अली खामनेई की तस्वीर लेकर ईरान जिंदाबाद... और अमेरिका-इस्राइल मुर्दाबाद... के नारे लगाए। शिया जामा मस्जिद दारानगर में नमाजियों में आक्रोश दिखा। यहां इमाम-ए-जुमा मौलाना जफरुल हुसैनी ने शिया जामा मस्जिद में नमाज अदा कराई। इसके बाद नमाज के बाद यौमुल कुद्स मनाया गया। मौलाना की सदारत में जलसा हुआ।

रोजा इफ्तार में दिखा सामाजिक सद्भाव
रामनगर में आयोजित रोजा इफ्तार में विभिन्न समाज, धर्म और वर्ग के लोगों ने भाग लेकर सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का संदेश दिया। अजान के बाद रोजेदारों ने रोजा खोला और मगरिब की नमाज अदा की। युवजन सभा सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव ने कहा कि रोजा इफ्तार केवल धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इफ्तार में पार्षद राजकुमार यादव ‘राजू’, विवेक यादव, फिरोज खान शामिल रहे।
विज्ञापन

सीपी ने शहर में किया निरीक्षण 
अलविदा जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था जांची। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने नदेसर स्थित जामा मस्जिद, ज्ञानवापी परिसर समेत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नमाज अदा करने आए लोगों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।

दालमंडी क्षेत्र में पैदल भ्रमण करते हुए पुलिस आयुक्त ने नमाजियों और व्यापारियों से भी बातचीत की। बच्चों का हालचाल पूछा। उन्होंने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज को देखते हुए पूरे शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया  और सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई।

महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कमांडो को भी ड्यूटी पर लगाया गया। पुलिस आयुक्त ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से बांसफाटक तक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर और पुलिस भर्ती के लिए बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें