ईस्टर की पूर्व संध्या पर पर सिगरा चर्च में हुई प्रार्थना
वाराणसी। जिले में शुक्रवार को गुड फ्राइडे मनाया जाएगा। इस दिन प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ाने की झांकी सजाई जाएगी और मसीही उपवास तथा प्रार्थना के माध्यम से प्रभु की उपासना की जाएगी। बृहस्पतिवार को शहर के चर्चों में शाम से देर रात तक प्रभु भोज और पुरोहितों द्वारा पांव पखारे जाने की परंपरा निभाई गई। छावनी स्थित महागिरजा में विशेष पूजा का आयोजन किया गया।
काशी धर्मप्रांत के बिशप फादर यूजीन जोसेफ के नेतृत्व में पुरोहितों ने प्रभु भोग की परंपरा का पालन किया। यीशु के जनसेवा के संदेश का प्रतीक मानते हुए 12 मसीहियों के पांव पखारे गए और उन्हें उपहार दिए गए। प्रार्थना सभा और रातभर जागरण प्रभु यीशु के पकड़े जाने और क्रूस पर चढ़ाए जाने की स्मृति में आयोजित किया गया। आराधना के बाद चर्च की मुख्य वेदी से वस्त्र और आवरण हटा दिए गए, जबकि क्रूस को ढक दिया गया। फादर फिलिप ने बताया कि राख बुधवार की शुरुआत 18 फरवरी से हुई थी। गुड फ्राइडे के बाद, 5 अप्रैल को ईस्टर मनाया जाएगा। वाराणसी के लाल चर्च, सिगरा, तेलियाबाग, गिरजाघर, मुढैला, शिवपुर और लंका सहित अन्य चर्चों में भी रातभर पूजा का आयोजन हुआ।