वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर से यात्री के पास से सोना पकड़ा गया है। बरामद सोने की कीमत 27 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है। शारजाह से आए यात्री ने मोजे में सोने को छुपा रखा था। अधिकारियों ने सोने को जब्त कर यात्री को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान शारजाह से यात्रियों को लेकर मंगलवार रात वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। सभी यात्री विमान से उतरकर टर्मिनल भवन में पहुंचे। जहां कस्टम विभाग के अधिकारी जांच कर रहे थे। इस दौरान एक यात्री पर शक हुआ। उसकी जांच की गई तो मोजे में काले पेपर में छुपाकर रखा सोना मिला।
बरामद सोना करीब 530.700 ग्राम है। जिसकी अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये से अधिक है। सोने के साथ पकड़ा गया यात्री मनजीत कुमार खानू छपरा कुशीनगर का निवासी है। उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि 20 लाख से अधिक मूल्य का सोना होने पर उसे जब्त कर लिया जाता है। साथ ही कागजी कार्रवाई करते हुए यात्री को जेल भेजा जाता है।
वाराणसी एयरपोर्ट पर बीते गुरुवार रात भी शारजाह से आए यात्री के पास से एक करोड़ 21 लाख से अधिक का सोना पकड़ा गया था। उसने सोने को काले टेप में छुपाकर पैंट की विशेष जेब में रखा था। एक्स-रे जांच के दौरान पकड़ में आया।