आंध्र प्रदेश से दंपती काशी में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। कैंट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने बदमाशों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। महिला को बचाने में उसका पति भी घायल हो गया।
आंध्र प्रदेश से आई एक महिला श्रद्धालु की 22 ग्राम सोने की चेन कैंट रेलवे स्टेशन के सामने बदमाशों ने छीन ली। चेन बचाने के चक्कर में महिला के पति सड़क पर गिर कर घायल हो गए। घटना के संबंध में रविवार की आधी रात बाद सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली माधुरी मौनिका अदारी ने पुलिस को रविवार की शाम तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर गत दो मार्च को काशी आई थी। दो मार्च की रात लगभग 8:19 बजे कैंट रेलवे स्टेशन के सामने की सड़क वह पार कर रही थी। उसी दौरान एक बदमाश उनके गले में झपट्टा मार कर सोने की चेन छीन लिया। चेन 22 ग्राम सोने की थी और उसका मूल्य 1,82,000 रुपये था।
माधुरी ने पुलिस को बताया कि उनके पति रवि कुमार अदारी ने दौड़कर बदमाश को पकड़ने की कोशिश की। मगर, वह डिवाइडर से टकरा कर सड़क पर गिर गए और उनके दाएं घुटने में चोट लगी।
विज्ञापन
माधुरी ने पुलिस से अनुरोध किया है कि घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाश को पकड़ कर चेन बरामद की जाए। उधर, इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।