वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाराणसी मंडल के दो कर्मचारियों को सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ अवॉर्ड से नवाजा है। ट्रेन मैनेजर योगेंद्र और टेक्नीशियन सर्वेश तिवारी को सम्मानित किया गया है। महाप्रबंधक सभाकक्ष में पुरस्कार दिया गया। वाराणसी स्टेशन पर ट्रेन मैनेजर योगेंद्र सिंह ने 7 दिसंबर 2025 को प्लेटफॉर्म 1 पर पटरी टूटी हुई देखी। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर वाराणसी को दी। योगेंद्र सिंह की सजगता से दुर्घटना रोकी जा सकी। बनारस कोचिंग डिपो में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सर्वेश तिवारी ने 4 दिसंबर 2025 को ट्रेन नंबर 12559/60 के अनुरक्षण किया। एयर स्प्रिंग में लीकेज एवं स्प्रिंग में प्रेशर कम मिला। सर्वेश ने इसकी सूचना तत्काल पर्यवेक्षक को दी। तिवारी की सतर्कता से विफलता को रोका गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने दोनों कर्मचारियों को बधाई दी।