क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं को टीबी रोग के लक्षण, कारण, जांच और उपचार के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में एसटीएस धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक बुखार होना, खांसी आना, वजन कम होना, भूख न लगना आदि लक्षण दिखे तो व्यक्ति को तुरंत जांच करानी चाहिए। सरकारी अस्पताल में क्षय रोग से प्रभावित पाए जाने पर निशुल्क जांच किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि 2025 तक सरकार की ओर से देश को क्षय रोग मुक्त बनाने का संकल्प है। इसके लिए जिले में लगातार जागरूकता के साथ जांच, उपचार और पोषण सहयोग किया जा रहा है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष ने बताया कि क्षय रोग मुक्त भारत अभियान के तहत पिछले माह जनपद में 233 टीबी मरीजों को गोद लिया गया था। इस साल अब तक 3500 मरीजों को विभिन्न संस्थाओं ने गोद लिया है। वर्तमान में 8 हजार 625 मरीज टीबी की दवा खा रहे हैं।