मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में शादी से 20 दिन पहले युवती घर के बड़ेर में फंदे से लटक गई। परिजन उसे फंदे से उतारकर उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। कई अस्पतालों में उपचार के बाद मंगलवार को रेफर किए जाने के बाद परिजन उसे लेकर दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, इस बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र निवासी शंकर की पुत्री पूनम (18) की 12 मई को शादी तय थी। शादी तय होने से वह नाराज चल रही थी। बीते 23 अप्रैल को दोपहर में पूनम कच्चे मकान के बड़ेर में दुपट्टे के सहारे लगे फंदे से लटक गई। परिवार की एक बच्ची ने उसे फंदे से लटकते देख परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे फंदे से उतारकर पहले सरकारी अस्पताल ले गए। वहां से उसे दो निजी अस्पतालों में ले गए। वहां भर्ती नहीं किए जाने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार शुरू हुआ, परंतु हालत में सुधार नहीं हुआ। मंगलवार को डाॅक्टर ने रेफर कर दिया। उसे दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूनम दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ी थी। देहात कोतवाल राणा प्रताप यादव ने बताया कि युवती ने फंदे से लटक कर जान दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।