राजस्थान के कोटा से रविवार को गाजीपुर जिला मुख्यालय आए 211 छात्र-छात्राओं की रैपिड जांच की गई थी। इस दौरान एक छात्रा का सैंपल कोरोना संक्रमित होने संदेह में जांच के लिए बीएचयू भेजा गया था। सोमवार को उसकी रिपोर्ट निगेटिव मिलने से सभी ने राहत की सांस ली है। उधर छात्रा के साथ बस में सवार कुल 24 छात्र-छात्राओं को क्वारंटाइन किया गया है।
सभी को आरटीआई मैदान स्थित यूनियन बैंक के प्रशिक्षण केंद्र में रखा गया है। इनके साथ बस में सवार दो सिपाही और एक चालक को भी निगरानी में रखा गया है। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गये हैं। लेकिन अब सबके चेहरे पर चमक दिखी। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छात्र-छात्राओं के अभिभावक भी काफी खुश नजर आए। अभिभावकों ने क्वारंटाइन किए गए छात्रों को घर भेजने का आग्रह किया है।