सीएचसी के अधीक्षक डा0 आशीष राय ने बताया कि मौजूदा समय में कोविड-19 के पाजिटिव मरीज बड़ी संख्या में आ रहे हैं। इसलिए सीएचसी में बने 30 बेड के कोविड-19 लेवल वन हॉस्पिटल से अटैच सुविधा के रूप में शहीद स्मारक राजकीय डिग्री कॉलेज में 150 बेड का कोविड केयर सेंटर बन कर तैयार है। वहां बेड लगा दिए गए हैं और व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
इसके लिए 25 स्टाफ की दो टीमें लगाई हैं। जिसमें डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ शामिल हैं। इनमें से एक टीम सेंटर के अंदर होगी, तो वहीं दूसरी टीम सेंटर के बाहर रहकर अपना कार्य करेगी। डॉ आशीष राय ने बताया कि पॉजिटिव मरीज आने पर उनका इलाज सेंटर पर किया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर होने पर उसे लेवल टू हास्पिटल, जहां वेंटिलेटर आदि की सुविधा है रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कोरोना अस्पताल में काम करने वाले स्टाफ और ड्यूटी पर आने के बाद अपने घर नहीं जा सकेंगे। इसलिए उनके निवास के लिए नजदीक के दो मैरिज हॉल सहित कुल पांच मैरेज हाल आरक्षित कर लिए गए हैं। दोनों टीमें अलग-अलग मैरिज हॉल में रहेंगीं। वहां उनके रहने और खाने की व्यवस्था की गई है।
वैसे मरीजों के बढ़ने पर 100 बेड का अटैच फैसेलिटी लेवल वन हॉस्पिटल एमजेआरपी स्कूल तिवारीपुर, 30 बेड का इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद एवं 100 बेड का पीआर इंटरनेशनल स्कूल करीमुद्दीनपुर में भी हॉस्पिटल बनाया गया है, जहां मरीजों को भर्ती किया जाएगा और स्टाफ को रहने के लिए जूही मैरेज हाल आदिलाबाद, मधुर मिलन मैरैज हाल बैजलपुर, गल्ला मंडी, नवापूरा रोड और डाकबंगला मुहम्मदाबाद को आरक्षित कर लिया गया है।