स्नातक चुनाव को लेकर प्रति दो घंटे का आंकड़ा
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 6194 मतदाता थे। सुबह 10 बजे तक 720 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटिंग प्रतिशत 11.62 रहा। दोपहर 12 बजे 2083 मतदाताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। वोटिंग प्रतिशत 33.63 रहा। दोपहर 2 बजे 3478 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का प्रतिशत 56.15 रहा।
शिक्षक चुनाव को लेकर प्रति दो घंटे का आंकड़ा
वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 50283 मतदाता थे। सुबह 10 बजे 2756 मतदाताओं ने मतदान किया। वोटिंग प्रतिशत 5.48 रहा। दोपहर 12 बजे 7968 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। वोटिंग प्रतिशत 15.85 रहा। दोपहर 2 बजे 15648 मतदाताओं ने चुनाव में हिस्सा लिया। वोटिंग प्रतिशत 31.12 प्रतिशत रहा।
प्रत्याशियों के एजेंटों में दिखा उत्साह
जनपद में वाराणसी खंड स्नातक और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशी मैदान में उतारे गए हैं। वहीं कुछ निर्दलीय भी ताल ठोंक रहे हैं। मतदान केंद्रों के बाहर इनके एजेंटों व समर्थकों में उत्साह देखा गया। एजेंट व समर्थक मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में ढूंढवाने में सहायता करते हुए देखे गए
शहर में बार-बार लगा जा
शहर में मिश्रबाजार स्थित राजकीय सिटी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के पास कई बार जाम की स्थिति देखने को मिली। इसके कारण राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बगल में ही महिला अस्पताल होने के कारण एंबुलेंस को भी जाम में फंसते हुए देखा गया।
पीठासीन अधिकारी की तबीयत बिगड़ी
मतदेय स्थल-136 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मतदान शुरू होने से पहले सुबह सात बजे पीठासीन अधिकारी अशोक कुमार गौतम की तबीयत बिगड़ गई। उनको उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया गया। रिजर्व किए गए राकेश कुमार ने पीठासीन अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला।
भाजपा कार्यकर्ताओं और एसडीएम के बीच नोकझोंक
ब्लॉक परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगाए गए टेंट को हटाने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और उपजिलाधिकारी अतुल कुमार के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। काफी देर तक चले विवाद के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और टेंट को वहां से हटवाकर दूसरी तरफ लगवाया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया जारी रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा रामकृष्ण तिवारी तथा कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिसकर्मियों पर लगाया आरोप, दोबारा शुरू हुआ विवाद
टेंट विवाद के बाद चुनावी व्यवस्था को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की ओर से पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई। इस दौरान एक बार फिर कहासुनी की स्थिति उत्पन्न हो गई। लगातार हो रही नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहना पड़ा। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से भी चुनावी व्यवस्था को लेकर शिकायतें किए जाने की जानकारी सामने आई।
शिकायतों और परिसर में बढ़ती गहमागहमी को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला तथा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने बताया स्थिति सामान्य
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि शिकायतें मिलने के बाद निरीक्षण किया गया है। उनके अनुसार मौके पर स्थिति सामान्य थी और मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से कराया जा रहा था। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रशासन की ओर से मतदान की शुचिता और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग पर सपा जिलाध्यक्ष ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने भी मतदान व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वह वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता हैं और उनका नाम मनिहारी ब्लॉक से संबंधित है, लेकिन उन्हें अपना मत देने के लिए जखनियां ब्लॉक आना पड़ा। उन्होंने इस स्थिति को लेकर निर्वाचन आयोग और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा इसे मनमानी करार दिया। वहीं सपा नेताओं के हाउस अरेस्ट का मामला भी सुर्खियों में रहा।
जनप्रतिनिधियों ने भी डाला वोट: वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, एमएलसी विशाल सिंह चंचल,सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह, जैकिशन साहू आदि ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
संवदेनशील व अति संवेदनशील केंद्रों का लिया जायजा
जनपद में वाराणसी खंड स्नातक और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर एसपी विनय कुमार सिंह ने संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में उन्होंने राजकीय सिटी इंटर कॉलेज मिश्रबाजार, हनुमान प्रसाद इंटर कॉलेज रामपुर मांझा, जखनिया ब्लॉक मतदान केंद्र, नेशनल इंटर कॉलेज कासिमाबाद, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जमानिया, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, करंडा का जायजा लिया।
युवाओं के मुद्दे को लेकर स्नातक निर्वाचन को लेकर मतदान किया। आज के दौर में युवाओं की कई समस्याएं हैं, जिनका समाधान होना चाहिए। - ऋषिका राय, रेवतीपुर
स्नातक निर्वाचन को लेकर मैंने मताधिकार किया। पहली बार मैंने अपने वोट का इस्तेमाल किया है। इस कारण काफी उत्साह रहा। वोटिंग को लेकर पहला अनुभव काफी सुखद रहा। - मेधा श्रीवास्तव, रौजा
शिक्षक निर्वाचन के लिए वोटिंग करते समय दिमाग में एक ही ख्याल रहा कि प्रत्याशी ऐसा हो, जो शिक्षकों के हित के लिए संघर्ष करे। उनकी आवाज को बुलंद करने का काम करे। - श्वेता राय, शिक्षक
मताधिकार का प्रयोग करते समय राष्ट्रवाद व शिक्षकों का हित प्रमुख मुद्दा रहा। वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से हुई। बूथ पर अच्छी व्यवस्था थी। मतदान करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। - प्रवीण तिवारी, शिक्षक
दो उम्मीदवारों के समर्थक के बीच हुई नोकझोक
सैदपुर स्थित डायट के अंदर बने मतदान केंद्र के बाहर एक समय ऐसा आया, जब समाजवादी पार्टी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के समर्थकों व निर्दल प्रत्याशी सुनील यादव के समर्थकों के बीच मतदान केंद्र के बाहर तीखी नोकझोक हो गई। तत्काल कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने दोनों पक्षों को अलग कराया और चुनाव खत्म होने तक पुलिस निगरानी में बिठा दिया।