जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वॉल्टर स्टाइनमायर आज काशी आएंगे। करीब आठ घंटे के प्रवास के दौरान स्टाइनमायर सारनाथ में दर्शन, बीएचयू में छात्रों से संवाद के साथ-साथ अस्सी घाट से दशाश्वमेध घाट तक नौकायन करेंगे। शाम को गंगा आरती देखने के बाद रात आठ बजे वह बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
जर्मनी के राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बुधवार को अन्य सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गईं। जर्मनी के राष्ट्रपति दोपहर करीब 12 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से सीधे सारनाथ जाएंगे।
वहां संग्रहालय, धम्मेख स्तूप और महाबोधि मंदिर देखेंगे। इसके बाद नदेसर में लंच करेंगे और वहां से बीएचयू में छात्रों से संवाद करेंगे। अस्सी घाट से नौकायन कर दशाश्वमेध घाट जाएंगे और वापस लौटेंगे।
इस दौरान उनका गंगा आरती देखने का कार्यक्रम भी है। सुरक्षा की दृष्टि से गंगा घाट से आसपास के घरों की छतों पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। जल पुलिस चौकी से सीसीटीवी के जरिए हर किसी पर नजर रखी जाएगी।
दशाश्वमेध घाट पर देखेंगे गंगा आरती
इसी बजड़े पर नौकायन करेंगे जर्मनी के राष्ट्रपति
- फोटो : अमर उजाला
जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टर स्टाइनमायर गुरुवार को काशी में गंगा आरती के अलौकिक दृश्य के साक्षी बनेंगे। दशाश्वमेध घाट को फूलमालाओं से सजा दिया गया है। घाट पर होने वाली गंगा आरती के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र ने अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक के नौकायन मार्ग का बजड़े से निरीक्षण किया।
दशाश्वमेध घाट पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिशानिर्देश दिए। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती को जिस स्थान से देखा था, जर्मनी के राष्ट्रपति भी उसी स्थान से गंगा आरती का दर्शन करेंगे। आरती के दौरान 18 रिद्धि-सिद्धि कन्याएं और नौ बटुकों द्वारा महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
दशाश्वमेध घाट पर अगल-बगल को घाटों से होने वाला आवागमन बंद रहेगा। घाटों पर बैरिकेडिंग से रास्तों को बंद कर दिया गया है। आरती स्थल के सामने कोई नाव नहीं रहेगी। मानमंदिर घाट से शीतला घाट तक नावों को हटा दिया गया है।
डीएम ने बताया कि राष्ट्रपति जैसे ही घाट पर पहुंचेंगे, वैदिक ब्राह्मणों द्वारा गंगा पूजन आरंभ हो जाएगा। उसके बाद वह गंगा आरती देखेंगे। आरती समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति को विशेष स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम और प्रसाद भेंट किया जाएगा।
बीएचयू के विद्यार्थियों और शिक्षकों से करेंगे संवाद
- फोटो : file
जर्मनी के राष्ट्रपति स्टाइनमायर अपनी यात्रा के दौरान बीएचयू के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से बातचीत करेंगे। विश्वविद्यालय में राष्ट्रपति करीब डेढ़ घंटे मौजूद रहेंगे। इस दौरान वह शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ शोध आदि के मुद्दों पर संवाद करेंगे।
जानकारी के मुताबिक करीब 40 छात्रों से राष्ट्रपति केंद्रीय कार्यालय के समिति कक्ष संख्या एक में मिलेंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक, छात्र अधिष्ठाता भी मौजूद रहेंगे।
इसके लिए जर्मनी दूतावास के अधिकारियों के साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यवाहक कुलपति डॉ. नीरज त्रिपाठी, चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा का जायजा लिया।
सुरक्षा के लिए अधिकारियों के साथ ही पुलिस कर्मी भी गुरुवार को विश्वविद्यालय पहुंच गए। ऐहतियातन विश्वविद्यालय प्रशासन ने गुरुवार को सुबह 9 बजे से 3 बजे तक केंद्रीय कार्यालय खोलने का आदेश जारी किया है।