मारपीट के मामले में पेशी के लिए ट्रेन से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ले जाया जा रहा जर्मनी का होल्गर इरिक मिस्च इलाहाबाद के बमरौली रेलवे स्टेशन के पास पुलिस को चकमा देकर फरार गया।
एसपी आरपी सिंह ने इस मामले में दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले की जानकारी गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, जर्मन दूतावास को दे दी गई है।
जर्मन नागरिक होल्गर को पांच नवंबर 2017 को राबटर्सगंज रेलवे स्टेशन पर इंजीनियर के साथ मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जांच में पता चला कि उसके पासपोर्ट की तिथि 24 जनवरी 2017 को ही खत्म हो चुकी थी, लेकिन उसमें छेड़छाड़ कर वह यही घूम रहा था।
इस पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे गुर्मा जिला जेल भेज दिया गया। 2016 में कुल्लू में दर्ज मारपीट के मुकदमे में पेशी के लिए रविवार को उसे पुलिस लाइन में तैनात दारोगा सतेंद्र विक्रम सिंह, कांस्टेबल सत्यप्रकाश यादव, संदीप सिंह और अनिल कुमार की अभिरक्षा में कुल्लू के लिए भेजा गया।
सभी मंडुआडीह-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन से रवाना हुए थे। रात 2.25 बजे ट्रेन इलाहाबाद के बमरौली रेलवे स्टेशन पर पहुंची तभी होल्गर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।
दरोगा सतेंद्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों की सूचना देने के साथ स्टेशन और आसपास उसकी तलाश की। लेकिन पता नहीं चला। मामले में सोमवार को इलाहाबाद के धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई ।