केदारघाट स्थित गौरी केदारेश्वर महादेव का प्रकाशोत्सव मकर संक्रांति पर धूमधाम से मनाया गया। बाबा का अर्ध नागेश्वर स्वरूप में शृंगार किया गया। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए लगी रहीं। बाबा को खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया। दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। मान्यता है कि गौरी केदारेश्वर का प्रकट उत्सव खिचड़ी से हुआ है। शृंगार व्यवस्था से जुड़े आनंद प्रकाश दुबे ने बताया कि महाप्रसाद वितरण देर शाम तक निर्बाध चला। वहीं, तिलभांडेश्वर स्थित तिलभांडेश्वर महादेव चंदन से विशेष शृंगार किया गया। बाबा को तिल और पट्टी का भोग लगाया गया। दोपहर में खिचड़ी का प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।