गंगा में चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हो रही बढ़ोतरी ने तटीय इलाके में रहने वालों की धुकधुकी बढ़ा दी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, गंगा का जलस्तर 64.55 मीटर तक पहुंच गया है। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 64.01 मीटर दर्ज किया गया। 12 घंटे में 54 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। दोपहर 2 बजे गंगा का जलस्तर 64.34 था। सुबह 8 से लेकर 2 बजे तक 33 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई। शाम को पांच बजे गंगा का जलस्तर 64.44 मीटर, छह बजे 64.47 मीटर और सात बजे 64.51 मीटर था। सुबह से लेकर तीन बजे तक गंगा के जलस्तर में चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो रही थी। तीन से छह बजे शाम तक यह तीन सेंटीमीटर प्रति घंटा हो गई, लेकिन छह बजे के बाद गंगा के जलस्तर में चार सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोत्तरी शुरू हो गई थी। गंगा ने अगस्त माह में अपना रौद्र स्वरूप दिखाया था। हालांकि अभी यह खतरे के निशान से छह मीटर नीचे बह रही है। बनारस में चेतावनी बिंदु 70.262 और खतरे का निशान 71.262 मीटर है।