दुनिया के सबसे लंबे सफर पर रवाना होने के लिए गंगा विलास क्रूज सोमवार को वाराणसी पहुुंच गया। राजघाट से करीब आठ किलोमीटर पहले रौना गांव के सामने गंगा विलास को रोक दिया गया। मंगलवार को रामनगर में क्रूज लंगर डालेगा। 12 जनवरी की रात क्रूज रविदास घाट पहुंचेगा। यहां से 13 जनवरी को पीएम मोदी वर्चुअल इसे हरी झंडी दिखाकर डिब्रूगढ़ के लिए रवाना करेंगे।
कोलकाता से 22 दिसंबर 2022 को रवाना हुआ एमवी गंगा विलास 18वें दिन वाराणसी के कैथी मार्कंडेय धाम पहुंच गया। घने कोहरे के चलते सोमवार को चंदौली के धानापुर से चले क्रूज को मार्कंडेय महादेव धाम पहुंचने में दोपहर के साढ़े तीन बज गए। यहां से गौरीशंकर महादेव घाट, चंद्रावती, गौरा उपरवार, सरसौल, बलुआ घाट, मोकलपुर को पार करते हुए शाम सवा सात बजे राजघाट से करीब आठ किलोमीटर पहले रौना गांव में क्रूज ने लंगर डाल दिया।
अधिकारियों के मुताबिक शाम को अस्सी से राजघाट के बीच गंगा में नावों की चहल पहल ज्यादा रहती है। क्रूज के संचालन से नदी में लहरें आएंगी और इससे छोटी नावों के संचालन पर असर पड़ सकता है। एहतियात बरतते हुए क्रूज को राजघाट से पहले ही रोक दिया गया है। इसमें सवार पर्यटक सड़क मार्ग से रविवार को ही वाराणसी पहुंच गए थे।