वाराणसी जिले के बभनपुरा गांव के पास गंगा नदी पर बने गेटवे रिंग रोड-3 पुल पर सोमवार रात से भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। पुल के एक छोर पर बैरियर लगाकर ट्रक और बसों की एंट्री रोक दी गई है, जिससे अब केवल छोटे वाहन ही गुजर पा रहे हैं।
कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता आरआर मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन के अनुरोध पर निर्णय लिया गया है। पुल पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देख फिलहाल भारी वाहनों के लिए एक लेन पूरी तरह बंद कर दी गई है। जब तक पुल की दूसरी लेन का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा।
एहतियात के तौर पर एनएचएआई की ओर से संदहा चौराहे और गंगा पुल के पास दिशानिर्देश वाले बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके। इस मार्ग से आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर और भदोही जिलों के बीच आवागमन होता है।
इसे भी पढ़ें; कफ सिरप: भगोड़े शुभम के मददगारों की पर एसआईटी की नजर, तीन साल में हुई रजिस्ट्री के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
वहीं उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार और झारखंड को भी जोड़ती है। दो किलोमीटर लंबे इस पुल को 1 जून 2025 को यातायात के लिए खोला गया था। शुरुआत में केवल छोटे वाहनों को ही अनुमति दी गई थी, बाद में भारी वाहनों का संचालन भी शुरू कर दिया गया था। संचालन बंद होने से आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर से आने वाले ट्रकों को अब बिहार की ओर जाना पड़ रहा है।