चंदौली। न्यायालय के आदेश पर बबुरी थानाक्षेत्र की किशोरी की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने चकिया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख शिवेंद्र सिंह, उनके करीबी अजय पाठक और एक अज्ञात के खिलाफ 14 जुलाई को सामूहिक दुष्कर्म, हत्या और अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले की जांच की मांग पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी कई बार कर चुके थे। पूर्व प्रमुख भाजपा से जुड़ा रहा है।
बबुरी क्षेत्र के एक गांव निवासी मृत किशोरी के दादा के मुताबिक 12 जून को उनकी पोती पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवेंद्र सिंह, के करीबी अजय पाठक के घर झाड़ू पोछा करने गई थी। फिर नहीं लौटी। दूसरे दिन सोनभद्र जिले की सुकृत पुलिस ने फोन कर बताया कि किशोरी गंभीर अवस्था में मिली है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया कि आरोपियों ने दबाव बना कर बिना पोस्टमार्टम के ही किशोरी का शव अस्पताल से ले लिया और पिता से शव का जल प्रवाह भी करा दिया। इस मामले में शिकायत के बाद भी पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर दादा ने पॉक्सो एक्ट के तहत गठित विशेष न्यायालय में गुहार लगाई थी। इस संदर्भ में चकिया सीओ प्रीति तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है।