वाराणसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती बुधवार को धूमधाम से मनाई गई। जहां शहर में अलग-अलग जगहों से रैली निकाली गई वहीं पीएम के फिट इंडिया मुहिम को आगे बढ़ाते हुए दौड़ लगाई। इसके अलावा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पार्कों, कालोनियों, स्कूलों के आसपास सफाई करने के साथ ही प्लास्टिक का बहिष्कार करने की शपथ ली। छात्र-छात्राओं को बापू और शास्त्री के विचारों से प्रेरणा लेने का संकल्प दिलाया गया। लोगों ने रक्तदान कर इस दौरान जरूरतमंदों की जान बचाने का संकल्प लिया।
अर्दली बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय में गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बाबूलाल यादव ने विद्यार्थियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन के बारे में बताया। इस दौरान छात्रों से महात्मा गांधी और शास्त्री के जीवनी से जुड़े सवाल पूछे गए, सही जवाब देने वाले छात्रों को गेल के मुख्य महाप्रबंधक एसएन यादव ने पुरस्कृत किया। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में गांधी विचारक रामधीरज सिंह ने कहा कि गांधी आज भी वैश्विक पटल पर इसलिए भी आवश्यक हो चुके हैं क्योंकि उनके बताए गए व्यावहारिक सिद्धांत आज की आवश्यकता बन चुके हैं। प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश सिंह, संजीव सिंह, डॉ. विश्वनाथ वर्मा, डॉ. वीके राय, डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे।
नई सुबह एक उम्मीद की ओर से सुंदरपुर स्थित एसएफ पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के कार्यक्रम में बच्चों ने बापू और शास्त्री के चित्रों को उकेरा। श्री गणेश चिल्ड्रेन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से गांधी जयंती पर प्राथमिक विद्यालय जाल्हूपुर के छात्रों को प्राथमिक विद्यालय चिरईगांव के अध्यक्ष बृजभूषण ने पुरस्कृत किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अतुल कुमार गौड़ और शिक्षक शिवम कुशवाहा को गणेश प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। जीवनदीप महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अशोक सिंह ने कहा कि गांधी जी के जीवन का मूलमंत्र सच्चाई व अहिंसा था। इस दौरान डॉ. अंशू सिंह, डॉ. इंद्रेश चंद्र सिंह, डॉ. वीणा पांडेय, शैलेष त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
सुधाकर महिला महाविद्यालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस दौरान प्राचार्य डॉ. प्रभु नारायण दुबे, डॉ. रमा दुबे, शीला पांडेय, शीला पांडेय आदि मौजूद रहे। दीक्षा महिला कल्याण संस्थान की ओर से हुकुलगंज में गांधी जयंती समारोह में वीडीए सचिव विशाल सिंह, आरके चौधरी, अरविंद सिंह, शालिनी गोस्वामी, राखी वर्मा, आदि मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की ओर से राजघाट कार्यालय में उपाध्यक्ष लाला रामकिशुन गुप्ता की अध्यक्षता में जयंती समारोह मनाया गया। मदरसा मजीदिया में गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर तकरीर की सदारत मो. आलमगीर सिद्दिकी ने की।लायंस क्लब गंगा की ओर से महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पॉलीथिन मुक्त काशी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अध्यक्ष विजय सिंह, सचिव चंद्रकांत सिंह, कोषाध्यक्ष रमेश गुप्ता, एकता अग्रवाल, ने कपड़ों के झोलों का वितरण किया। यूएसएस फाउंडेशन की ओर से गांधी जयंती पर बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। समाजवादी व्यापार सभा की ओर से कमलगढ़हा स्थित बेसिक प्राइमरी पाठशाला में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। सारनाथ में केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन प्रो. धर्मदत्त चतुर्वेदी ने किया। इस मौके पर संस्थान के कुलसचिव आर के उपाध्याय, प्रो. देवराज सिंह, प्रो. उमेश चंद्र सिंह, डॉ. ज्योति सिंह, पेमा तेनजिंग आदि उपस्थित थे।