कपसेठी थाना क्षेत्र के ऊपरवार गांव स्थित एक मकान में जुआ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापा के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फड़ से दो लाख नकदी, तीन बाइक, 10 मोबाइल और दो स्मार्ट वाच, डेबिट कार्ड और ताश की गड्डी बरामद हुई।कपसेठी थाने पर सोमवार को अपर पुलिस उपायुक्त गोमती सरवरन और एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार की रात सूचना मिली कि उपरवार गांव स्थित मकान में बड़े स्तर पर जुएं का फड़ संचालित हो रहा है। इस आधार पर दबिश दी गई तो जुआ के फड़ से सात लोग गिरफ्तार हुए। आरोपियों में विकास कुमार सिंह निवासी चकलोला, वीरू उर्फ अनुराग सिंह निवासी भीषमपुर, संतोष कुमार सिंह निवासी टटेहरा और सतीश सिंह निवासी बनकट, सनी सिंह निवासी हसनपुर, राम सिंह निवासी गौरा राजातालाब, विनोद कुमार पांडेय निवासी आषाढ़ मिर्जामुराद शामिल हैं। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती ने पुलिस टीम को पांच हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।