सिगरा में सीएनजी स्टेशन का उद्घाटन करते गेल इंडिया के महाप्रबंधक
- फोटो : अमर उजाला
शहर में वाहनों से हो रहे प्रदूषण पर लगाम लग सके इसके लिए गेल इंडिया ने एक और सीएनजी स्टेशन को मंगलवार से सिगरा चौराहे पर शुरू कर दिया। गेल इंडिया के मुख्य महाप्रबंधक एसएन यादव ने सीएनजी गैस स्टेशन का लोकार्पण किया। शहर में अब कुल चार सीएनजी स्टेशन केशव डीएलडब्लू, केसरी तरना, मदर स्टेशन रिंग रोड और सुधीर ऑटो सिगरा में हैं।
मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि जून माह के अंत तक निर्माणाधीन सीएनजी स्टेशनों वैष्णो अलईपुर, ताज कृष्णा नदेसर और सरस्वती चितईपुर को शुरू करने का लक्ष्य है। साथ ही अन्य निर्माणाधीन स्टेशन जिसमें की कृष्णा ऑटो भेलूपुर को जुलाई और बाबतपुर चौमुहानी को सितंबर माह तक शुरू करने की योजना है।
मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि आईओसीएल चुरामनपुर, बीपीसीएल पांडेयपुर में भी कार्य शुरू करने की योजना है। लोकार्पण के दौरान ऑटो चालकों को बताया गया कि यह किफायती और पर्यावरणीय मित्र है। साथ ही इससे ऑटो चालकों को पेट्रोल की अपेक्षा 35 से 40 प्रतिशत की बचत होगी।
वर्तमान में शहर में लगभग 2700 वाहन सीएनजी पर चल रहे हैं और 10,000 किलोग्राम से अधिक सीएनजी गैस का विक्रय किया जा रहा है। इसे अगले तीन माह में दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।