वाराणसी। सुरक्षा व सुविधा का एक नया एहसास समेटे शिवगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ने मंगलवार से नई पारी की शुरुआत की। एक्सप्रेस की साधारण पैसेंजर बोगियों को बदलकर एलएचबी कोच लगाए गए थे। इससे यात्रा करने को लेकर यात्रियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सादे समारोह में उच्च तकनीकी वाले एलएचबी कोचों से युक्त शिवगंगा एक्सप्रेस को डीआरएम पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल एसके कश्यप की उपस्थिति में सेवानिवृत्त कर्मचारी जलालुद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वाराणसी मंडल की यह पहली ट्रेन है जिसमें परंपरागत कोचों के स्थान पर आधुनिक तकनीकी के एलएचबी कोचों का प्रावधान किया गया है। इस गाड़ी में साधारण श्रेणी के 3, शयनयान श्रेणी के 10, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 4, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 1 तथा वातानुकूलित श्रेणी का एक, पावर कार 2, वातानुकूलित पैंट्रीकार 1 सहित कुल 22 कोच लगाए गए हैं।
इस गाड़ी में एलएचबी कोच लग जाने से यात्रियों की यात्रा सुखद एवं आरामदायक होगी। इन कोचों की विशेषता यह है कि यात्रा के दौरान झटके महसूस नहीं होंगे। इन कोचों में बायो टायलेट की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रवीण पांडेय, स्टेशन अधीक्षक सीपी सिंह आदि लोग मौजूद रहे।