बनारस में एक इंस्टीट्यूट के खिलाफ बुधवार को वहां पढ़ने वाले छात्रों ने फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया। छात्र इंस्टीट्यूट के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सिगरा थाने पहुंचे।
सभी ने इंस्टीट्यूट संचालक पर मनमानी करने का आरोप लगाया। साथ ही, तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए फीस वापस कराने की गुहार सिगरा पुलिस से लगाए।
सिगरा थाने पहुंचे छात्र-छात्राओं ने बताया कि रेडियो जॉकी के तौर पर अपना कैरियर बनाने के लिए उन्होंने महमूरगंज स्थित एक इंस्टीट्यूट में दाखिला लिया था। इंस्टीट्यूट संचालक द्वारा हम सभी से सौ प्रतिशत प्लेसमेंट की बात कही गई थी और बदले में 65 से 85 हजार रुपये तक फीस जमा कराई गई।
संचालक ने नामी एफएम रेडियो संस्थानों के रेडियो जॉकी को अपना करीबी बताते हुए कहा कि वो आकर गेस्ट टीचर के तौर पर पढ़ाएंगे लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ।
इसके साथ ही दो साल का समय बीत गया और किसी का प्लेसमेंट भी नहीं हुआ। यह पूरी तरह से छात्र-छात्राओं के साथ धोखाधड़ी और भविष्य को बरबाद करने की साजिश है।
प्लेसमेंट के संबंध में पूछे जाने पर अब संचालक द्वारा जानमाल की धमकी दी जाती है। इस संबंध में सिगरा इंस्पेक्टर ने बताया कि शिकायत पर इंस्टीट्यूट संचालक को बुलाया गया था। मामले की जांच कराई जा रही है।