वाराणसी। फेसबुक पर फर्जी आईडी बना कर अस्पताल में भर्ती होने की झूठी पोस्ट वायरल की और फिर परिचितों से रुपये ऐंठ लिए। प्रकरण सोमवार को कैंट थाने पहुंचा तो एक अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
ऑनलाइन जालसाजी करने वाले लोगों को ठगने के लिए रोजाना नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इसी कड़ी में कैंट थाने पहुंचे फुलवरिया निवासी प्रवीण चंद्र उर्फ पप्पू वर्मा ने बताया कि उनके नाम से फेसबुक पर दो दिन पहले फर्जी आईडी बनाई गई। इसके बाद उन्हें नई दिल्ली स्थित अपोलो हास्पिटल में भर्ती बता कर उनके परिचितों से जालसाजों ने पैसा मांगना शुरू किया। जालसाज ने तकरीबन 35 हजार रुपये ऐंठ लिए तो उनके एक परिचित ने उन्हें कॉल कर उनका हालचाल पूछा। तब जाकर उन्हें पता लगा कि उनकी बीमारी की झूठी सूचना देकर उनके परिचितों से पैसा मांगा जा रहा है। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।