चेतगंज थाने में दो बीमा एजेंटों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीमा पॉलिसी के नाम पर रूपेश जायसवाल से 10 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चेतगंज पुलिस ने दो बीमा एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक्सिस मैक्स लाइफ बीमा के एजेंट आशुतोष राय और प्रमोद शर्मा ने बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाकर पॉलिसी का प्रस्ताव दिया। 27 जून 2024 को एचडीएफसी बैंक का 532024 रुपये का चेक सौंपा। 30 जून 2025 को दूसरी किस्त के रूप में 520774 रुपये का भुगतान भी किया। एजेंटों ने धोखाधड़ी की और उनके 18 साल के बेटे अपूर्व जायसवाल के नाम से पॉलिसी जारी की। पॉलिसी बॉन्ड भी पीड़ित के घर भेजने के बजाय अपने पते पर मंगवाया। चार महीने बाद कस्टमर केयर से पता चला कि पॉलिसी बेटे के नाम पर पंजीकृत है। तब एजेंटों से संपर्क किया, जिस पर आरोपियों ने इसे फेक कॉल बताकर गुमराह किया। संदेह होने पर कुबेर कॉम्प्लेक्स में बैंक व बीमा शाखा में पता किया, जहां खुलासा हुआ कि आरोपी प्रमोद शर्मा और आशुतोष राय वहां के कर्मचारी नहीं थे, बल्कि विनायक प्लाजा कार्यालय से जुड़े थे। फर्जीवाड़ा उजागर होने पर आरोपियों ने डराया-धमकाया और चुप रहने का दबाव बनाया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।