सोनभद्र में रविवार की रात किसी वाहन की टक्कर से वैगन आर सवार राकेश पुरी (25), दिलीप (60), उनके बेटे विनोद सिंह गोंड़ (25) और राम किशुन पटेल (55) सभी निवासी चोपन की मौत हो गई। जबकि कन्हैया (25) घायल हो गया। सभी लोग दुद्धी से शादी समारोह से लौट रहे थे।
रात करीब पौने बारह बजे गुरमुरा गांव में जय गुरुदेव आश्रम के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर किसी वाहन से वैगन आर कार की टक्कर होने से आसपास के लोगों की नींद टूट गई। ग्रामीण जब तक घटनास्थल पर पहुंचते, तब तक कार में टक्कर मारने वाला वाहन लेकर भाग गया था।
हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर चोपन थाने और डाला चौकी की पुलिस पहुंची। ओबरा सीओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह भी पहुंचे। डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद पुलिस ने शवों को बाहर निकाला।
घायल कन्हैया को सीएचसी चोपन से जिला अस्पताल भेज दिया गया। कन्हैया से जानकारी लेकर पुलिस ने मृतकों के घरवालों को सूचना दी। सीओ ने बताया कि कार सवार सभी लोग दुद्धी से वैवाहिक कार्यक्रम मेें लौट रहे थे। जिला अस्पताल में चारों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया गया।
घटना को याद कर कांप जा रही रूह
गुरमुरा में हुए सड़क हादसे में कार सवार घायल कन्हैया जब घटना को याद कर रहा है तो उसकी रूह कांप जा रही है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान घायल ने बताया अपनी आंखों के सामने राकेश पूरी, दिलीप, विनोद सिंह गोंड़ और राम किशुन पटेल को दम तोड़ते देखा। लेकिन वह उन लोगों की मदद नहीं कर सका, क्योंकि वह खुद वाहन फंस कर मदद की गुहार लगा रहा था। कहा कि समय से ग्रामीण व पुलिस नहीं पहुंचती तो शायद वह भी न बचता।
नहीं पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिजनों से मिलने के लिए कोई प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी जिला अस्पताल नहीं पहुंचा। इसको लेकर लोगों में नाराजगी रही। वहीं मृतकों के रिश्तेदारों एवं संबंधितों की पोस्टमार्टम हाउस पर भीड़ लगी रही।
डीएम अमित कुमार सिंह ने कहा कि मातहतों को नियमानुसार मृतकों के आश्रितों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दे दिया गया है। एसपी आरपी सिंह ने कहा कि रात में ही ओबरा सीओ को मौके पर भेजा गया था। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।