परमानंदपुर स्थित विकास इंटर कॉलेज में खेल में भाग लेते खिलाड़ी। स्रोत कॉलेज
सीनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में काशी की लक्ष्मी, रोशनी, भारती और उन्नति ने पहला स्थान प्राप्त किया। इन्होंने 12-12 सेकंड में दौड़ पूरी कर जीत हासिल की। वाराणसी क्लब की छह खिलाड़ियों ने रस्साकशी में 80 सेकंड में ही स्टार स्पोर्टिंग को चित कर दिया। सोमवार को काशी के परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में 10 दिन की एथलेटिक्स स्पर्धा बाबू आरएन सिंह खेल मेले की शुरुआत की गई। इसमें कुल 10 खेलों में 1560 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। विकास इंटर काॅलेज की ओर से कराए जा रहे खेल मेले के पहले दिन हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो, हॉकी, फुटबॉल, रस्साकसी, एथलेटिक्स, कैरम और रस्सी कूद की स्पर्धाएं हुईं।
जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सोनाली यादव, साक्षी पटेल और दीक्षा जूनियर वर्ग में और ज्योति पाल, स्वाति पाल और खुशी यादव सब जूनियर बालिका वर्ग में पहले स्थान पर रहीं। रस्साकशी में 80 सेकंड में ही विजेता वाराणसी क्लब की सना, सोनाक्षी, सोनम, सुहानी, शिवानी, वर्षा, श्रेया और स्नेहा ने स्टार स्पोर्टिंग टीम के खिलाड़ियों को पराजित कर दिया।
रस्साकसी में दिया 3-3 मिनट का समय
बनारस टाइगर ने सीनियर बालक वर्ग की रस्साकशी स्पर्धा में यंग क्लब को हराकर खिताब जीता। यहां पर रस्साकसी प्रतियोगिता में छह टीमों ने हिस्सा लिया। इस स्पर्धा में खिलाड़ियों को विरोधी को हराने के लिए 3-3 मिनट का समय दिया गया था।
रस्सी कूद में शिवानी, प्रिया और काजल को पहला, दूसरा और तीसरा स्थान
सब जूनियर बालिका वर्ग के रस्सी कूद में शिवानी राजभर पहले, प्रिया पाल दूसरे और काजल पाल तीसरे स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अभिषेक पहले, कर्ण दूसरे और अल्तमश तीसरे स्थान पर रहे। अपर जिला अधिकारी प्रोटोकॉल विनय कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की शुरुआत की। जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता और उत्तर प्रदेश एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब की अध्यक्ष डॉ. आशा सिंह ने संचालन किया।