रामनगर में गांजा के साथ गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
गांजा तस्करों के लिए वाराणसी समेत आसपास के जिले तस्करी के लिए सॉफ्ट टारगेट हैं। बिना रोकटोक 742 किलोमीटर का सफर तय कर गांजा पूर्वांचल में पहुंच रहा है। मंगलवार को सिगरा और रामनगर पुलिस ने कुल चार गांजा तस्करों को पकड़ा। दो ओडिसा के जबकि दो चंदौली के तस्कर हैं। ओडिसा के तस्करों के पास 30 किलो गांजा मिला। जिसकी कीमत बाजार में 15 लाख आंकी गई जबकि चंदौली के तस्करों के पास 11 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत तीन लाख रुपये से ज्यादा बताई गई।
चारों तस्करों की पहचान संतोष कुमार बेहरा (40) और रोहित साहू (48) निवासी ओडिसा, सुजीत कुमार (24) निवासी अलीनगर और राकेश कुमार सिंह (32) बलुआ चंदौली के रूप में हुई। तस्करी में प्रयुक्त वाहन व मोबाइल बरामद किया गया।
चेकिंग के दौरान सिगरा पुलिस को जानकारी मिली कि एक सफेद बोलेरो कैंट ओवरब्रिज से उतरकर महमूरगंज की ओर जा रही है, जिसमें मादक पदार्थ है। पुलिस ने अमूल डेयरी एनईआर पार्किंग के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी बीच कैंट की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप को संदेह होने पर रोका गया। चेकिंग के दौरान वाहन के अंदर दो सफेद बोरियों में 30 पैकेट में 30 किलो गांजा रखा मिला। पुलिस ने ओडिसा के अनुगुल, सानुला ओडिसा निवासी संतोष कुमार बेहरा (40) और रोहित साहू (48) को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें; Cough Syrup Case: वैभव जायसवाल की मां-पत्नी समेत पहली बार पांच महिलाएं गिरफ्तार, काले धन को सफेद किया
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ओडिसा से कम दाम में गांजा खरीदकर वाराणसी व आसपास के क्षेत्रों में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ला रहे थे। थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से जेल भेजा गया।