सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष की उल्टी-दस्त के बाद मौत
- पोस्टमार्टम हाउस पर काफी संख्या में जुटे अधिवक्ता, पहुंचे चंदौली के सांसद, जांच के लिए बिसरा सुरक्षित
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष राजा आनंद ज्योति सिंह (34) की शनिवार की सुबह खजुरी स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। शुक्रवार की रात बाहर से खाना खाकर घर पहुंचे युवा अधिवक्ता को उल्टी-दस्त की दिक्कत के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अधिवक्ता की आंख, नाखून और शरीर का अन्य हिस्सा नीला पड़ा देख कर उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कलां निवासी उमेश प्रताप सिंह के दो पुत्रों में छोटे राजा आनंद ज्योति सिंह अपने पेशे के साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े कामों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते थे। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को कचहरी से घर आने के बाद शाम के समय वह अपनी कार से वाराणसी गए। वरुणा पार क्षेत्र में वह दोस्तों के साथ बिरयानी वगैरह खाए और कॉफी पिए। उसके बाद वह भक्ति नगर में अपनी रिश्तेदारी में रिंग सेरेमनी के कार्यक्रम में गए। वहां से घर आए तो उन्हें उल्टी-दस्त शुरू हुआ। परिजन उन्हें चौबेपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालत में सुधार न होने पर उन्हें भोजूबीर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से खजुरी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर शिवपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस पर सिविल कोर्ट के अधिवक्ताओं के साथ ही चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह पहुंचे। उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
कुछ दिन पहले ही फूड प्वाइजनिंग की समस्या से उबरे थे
चौबेपुर। अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह सिविल कोर्ट में कम समय में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। अपने करीबियों से वह कहते थे कि अब उन्हें एमएलसी का चुनाव लड़ना है। अधिवक्ता की शादी लगभग आठ वर्ष पहले चंदौली के चहनिया क्षेत्र में हुई थी। एक बेटी और दो बेटों के पिता राजा आनंद ज्योति सिंह की मौत के बाद उनकी पत्नी भारती सिंह और मां उर्मिला सिंह की हालत बेसुधों जैसी थी। पोस्टमार्टम के बाद शव की अंत्येष्टि गंगा किनारे बलुआ घाट पर की गई। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि अधिवक्ता हाल ही में फूड प्वाइजनिंग की समस्या से उबरे थे। चिकित्सकों ने उन्हें बाहर का सामान खाने से मना किया था। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शोक प्रस्ताव पारित, न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
वाराणसी। अधिवक्ता राजा आनंद ज्योति सिंह के निधन की सूचना पर सेंट्रल बार और बनारस बार एसोसिएशन की साधारण सभा की असाधारण बैठक आहूत की गई। बैठक में शोक प्रस्ताव पारित कर अधिवक्ताओं ने दिन भर न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह और संचालन महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय ने किया। बैठक में बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह व महामंत्री कमलेश सिंह यादव के साथ ही कई अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।