कनाडा की युवती के साथ हॉस्पिटल में मारपीट, बनाया बंधक
- फोटो : अमर उजाला
अतिथि देवो भव: की परंपरा काशी में एक बार फिर कलंकित हुई। ताजातरीन मामला कनाडा से आई युवती मैडिसोन पीचू से जुड़ा हुआ है। कनाडा की युवती उल्टी-दस्त से पीड़ित हुई तो ककरमत्ता स्थित पापुलर हॉस्पिटल में भर्ती हुई।
आरोप है कि हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उससे दुर्व्यवहार कर 60 हजार रुपये न देने पर मारपीट कर बंधक बना लिया। सौ नंबर पर मिली सूचना के आधार पर पहुंची पीआरवी के पुलिसकर्मी कनाडा की युवती को भेलूपुर थाने ले गए।
युवती के तहरीर पर गुरुवार को पापुलर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. एके कौशिक के खिलाफ सदोष अवरोध और धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
कनाडा की मैडिसोन अपने दोस्तों के साथ भारत भ्रमण पर आई हुई है। इसी क्रम में वह कुछ दिनों पूर्व बनारस आई। भेलूपुर थाने पर अपने दोस्त एंड्रयू के साथ पहुंची कनाडा की युवती ने बताया कि मंगलवार की रात उसके पेट में दर्द हुआ और उल्टी-दस्त शुरू हो गई तो वो पापुलर हॉस्पिटल पहुंची।
डॉक्टरों ने बताया कि उपचार में दस हजार रुपये खर्च आएगा और एडवांस के तौर पर पूरा पैसा जमा करा लिया। युवती का आरोप है कि गुरुवार को डिस्चार्ज होने के बाद उसे 50 हजार रुपये भुगतान करने को कहा गया।
युवती ने बताया कि उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया गया। हॉस्पिटल में हंगामा होने पर मौके से गुजर रहे राहगीर ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी तो पीआरवी युवती को भेलूपुर थाने ले आई।
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज विवेचना शुरू करा दी गई है। मामले में सीएमओ की भी मदद ली जाएगी और उनसे तकनीकी पहलू समझा जाएगा कि क्या बीमारी थी और उपचार में क्या खर्च आया। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।